![]()
संतान नहीं होने की समस्या दूर करने के नाम पर मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा महिला को दवा देने और करीब 50 हजार रुपए लेने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि संचालक ने दवा से बच्चा होने का भरोसा दिया था, लेकिन एक महीने तक दवा खाने के बाद भी कोई फायदा नहीं हुआ। परेशान होकर महिला ने संचालक को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। सोमवार रात महिला परिवार के साथ मेडिकल स्टोर पहुंची और रुपए वापस मांगे। इसे लेकर दुकान पर जमकर हंगामा हुआ। बाद में महिला ने हनुमानताल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तीन दिन में असर दिखने का दिया था भरोसा लालमाटी सिद्धबाबा क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय महिला के मुताबिक, उसने 8 सितंबर 2026 को हनुमानताल स्थित अग्रवाल मेडिकल स्टोर से दवा खरीदी थी। महिला का कहना है कि संतान नहीं होने की परेशानी बताने पर संचालक ने उसे पाउडर और कुछ दवाइयां दी थीं। इसके लिए करीब 50 हजार रुपए लिए गए। संचालक ने तीन दिन में दवा का असर दिखने का भरोसा दिया था। महिला का आरोप है कि संचालक ने एक अन्य व्यक्ति का उदाहरण देकर भी उसे भरोसा दिलाया था कि दवा के इस्तेमाल से संतान हो सकती है। इसी उम्मीद में उसने दवाइयां खरीदीं। एक महीने बाद भी फायदा नहीं महिला के अनुसार, करीब एक महीने तक दवा लेने के बाद भी उसे कोई लाभ नहीं मिला। उल्टा, उसके पति की तबीयत बिगड़ने लगी और उनके हाथ-पैरों में दर्द रहने लगा। इसके बाद महिला ने मेडिकल स्टोर संचालक से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। रुपए मांगने पहुंची तो दुकान पर हुआ हंगामा सोमवार रात महिला अपने परिवार के सदस्यों के साथ मेडिकल स्टोर पहुंची और दवा वापस लेकर रुपए लौटाने की मांग की। आरोप है कि संचालक ने पैसे वापस करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दुकान पर विवाद और हंगामा हुआ। करीब आधे घंटे तक बहस चलने के बाद महिला थाने पहुंची और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शुरू की जांच महिला ने पुलिस को दवाइयां भी दिखाईं और आरोप लगाया कि उसे बच्चा होने का भरोसा देकर पैसे लिए गए। उसने मामले की शिकायत कलेक्टर और सीएमएचओ से करने की बात भी कही है। हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल के अनुसार, महिला के आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। दवा देने, भुगतान और अन्य तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
संतान होने का झांसा देकर 50 हजार की ठगी:दवा से बिगड़ी पति-पत्नी की तबीयत, जबलपुर में मेडिकल स्टोर पर हंगामा; संचालक पर गंभीर आरोप
