![]()
गुना के वार्ड क्रमांक 25 स्थित सांई सिटी कॉलोनी के रहवासी मंगलवार को अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे। रहवासियों ने मुख्य गेट के बाहर बैठकर नारेबाजी की। उन्होंने नगरपालिका के कर्मचारी विनोद शर्मा की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने रहवासियों से ज्ञापन लिया और उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। नगर पालिका कर्मचारी ने बताया सीमा से बाहर रहवासियों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि नगरपालिका कर्मचारी विनोद शर्मा कॉलोनी से जुड़े कामों में लगातार अड़चन डाल रहे हैं। उनका कहना है कि पहले उन्हें बताया गया था कि कॉलोनी नगरपालिका के नक्शे में नहीं है। इसलिए यहां जनगणना नहीं हो सकती। इसके बाद रहवासियों ने प्रयास कर जनगणना की प्रक्रिया पूरी कराई। रहवासियों का आरोप है कि अब उन्हें कॉलोनी को नगरपालिका क्षेत्र में शामिल नहीं होने की बात कही जा रही है। इससे प्रधानमंत्री आवास योजना सहित नगरपालिका से जुड़े अन्य कामों और सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। रहवासियों ने पूछा- सुविधाएं दी गईं तो क्षेत्र से बाहर कैसे? प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नगरपालिका ने कॉलोनी में दो सड़कों का निर्माण कराया है। यहां संजीवनी क्लीनिक बनाया गया और मुरम भी डलवाई गई है। बिजली के खंभे भी लगाए हैं। रहवासियों ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कॉलोनी की स्थिति स्पष्ट करने और लंबित कामों के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग रखी है।
Source link
कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठे वार्ड 25 के रहवासी:गुना में नगरपालिका क्षेत्र से बाहर बताया, नहीं मिल पा रहा योजनाओं का लाभ
