Headlines

कोरबा में 2 साल के मासूम का मिला शव:डेंगूनाला पुल के नीचे मिली बॉडी, कल से लापता था मासूम, नाले में डूबने की आशंका




कोरबा के बालको थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे एक 2 वर्षीय मासूम बच्चे का शव मिला है। मृतक की पहचान रामपुर बस्ती निवासी दिनेश कुमार बरेठ के पुत्र केशव के रूप में हुई है। केशव बुधवार से लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, मृतक केशव के माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। बुधवार को वे दोनों लाल घाट पर मजदूरी करने गए थे। उनके साथ मासूम केशव भी था। काम खत्म होने के बाद, वे नाला पार कर डेंगूनाला के पास एक पेड़ के नीचे बैठ गए। पिता कुछ आगे चले गए, जबकि मां पेड़ के नीचे बैठकर बच्चे को दूध पिलाने लगी। इसी दौरान मां को नींद आ गई। मां की आंख लगने के बाद मासूम केशव खेलते हुए वहां से निकल गया। जब मां की नींद खुली, तो बच्चा पास में नहीं था। इसके बाद माता-पिता ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन केशव का कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों को आशंका है कि मां के सो जाने के बाद मासूम खेलते-खेलते नाले के पास चला गया होगा और पानी में डूब गया। गुरुवार शाम स्थानीय लोगों ने डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे एक बच्चे का शव तैरते हुए देखा। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर उसकी शिनाख्त कराई। मृतक के परिजनों ने बच्चे की पहचान केशव के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बालको थाना पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की आगे जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह एक हादसा प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कुछ दिन पहले भी डेंगूनाला में एक पति-पत्नी तेज बहाव में बह गए थे। उस घटना में पति की मौत हो गई थी, जबकि पत्नी किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रही थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *