![]()
10 दिनों में चीनी 46-48 रुपए से उछलकर सीधे 68-70 रुपए प्रति किलो पर पहुंची, गुड़ 55 रुपए से बढ़कर 85 रुपए किलो हुआ रक्षाबंधन से ठीक पहले चीनी और खाद्य तेलों की बढ़ती कीमतों के कारण बाजार में कई मिठाइयों के दाम 100 से 200 रुपए प्रति किलो तक बढ़ गए हैं, वहीं कई दुकानों पर कीमतों में 20% तक का इजाफा हुआ है। 900 रुपए मिलने वाला काजू कतली अब 1100 रुपए किलो मिल रहा है। दरअसल पिछले 10 दिनों के भीतर चीनी की कीमत 68-70 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है। गुड़ भी 85 रुपए किलो हो गया है। कच्चे माल की बढ़ती लागत के चलते प्रति पीस बिकने वाली लोकप्रिय मिठाइयों की कीमतों में ₹2 से ₹3 तक का सीधा इजाफा हुआ है। ₹10 में मिलने वाला रसगुल्ला अब ₹12 का हो गया है, जबकि ₹15 में बिकने वाले गुलाब जामुन, चंद्रकला और मलाई चॉप की कीमत बढ़कर ₹18 प्रति पीस पहुंच गई है। ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा…
पंजाब स्वीट्स के संचालक आशीष भाटिया ने बताया कि त्योहार के समय मिठाई की कीमत बढ़ाने से ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। कच्चे माल की कीमत बढ़ना कारोबारियों के नियंत्रण में नहीं है। कोकर स्थित क्वालिटी स्वीट्स के संचालक अरविंद अग्रवाल ने बताया कि मिठाइयों के दाम करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। होटल जलजोगा के संचालक समीर घोष ने बताया कि चीनी की कीमत करीब 45 प्रतिशत बढ़ गई है। इसके साथ तेल भी महंगा हुआ है, जिससे मिठाइयों की लागत बढ़ी है और कीमत बढ़ाना मजबूरी होगी।
प्याज सप्ताह भर में ₹15 चढ़ा, ₹50 रु. प्रति किलो पहुंचा भाव
राजधानी में प्याज की कीमतों में अचानक जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। महज सात दिनों के भीतर प्याज के दाम 15 रुपए प्रति किलो तक बढ़ गए हैं और अब यह बाजार में 50 रुपए किलो बिक रहा है। मुख्य उत्पादक राज्यों में उत्पादन कम होने और बेमौसम बारिश के चलते बाजार में आवक काफी घट गई है, जिससे कीमतों में यह उछाल आया है। आलू-प्याज विक्रेता संघ के अध्यक्ष मदन साहू ने बताया कि पिछले साल प्याज के दाम काफी कम थे। लागत न निकलने और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण प्रमुख उत्पादक राज्यों महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के किसानों ने इस बार प्याज की बुआई और उत्पादन कम किया। आगे क्या… और बढ़ सकते हैं दाम : व्यापारियों का कहना है कि नई फसल आने में वक्त है। आपूर्ति सामान्य नहीं होने की स्थिति में आने वाले दिनों में प्याज की कीमतें और बढ़ सकती हैं।
Source link
महंगाई ने बिगाड़ा रसोई का बजट:महंगी हुई चीनी, मिठाई के दाम बढ़े : 900 रुपए बिकनेवाला काजू कतली अब 1100 रुपए किलो
