![]()
राजधानी रायपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान से करीब 16 लाख रुपए के सरकारी राशन के गबन का मामला सामने आया है। जोरा वार्ड क्रमांक 51 की राशन दुकान आईडी 442001026 में जांच के दौरान बड़ी मात्रा में चावल का स्टॉक कम मिला। खाद्य विभाग की शिकायत पर पुलिस ने दुकान संचालक टोपेश्वर साहू (27) के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। 250 राशन कार्ड में एंट्री, हितग्राहियों को राशन नहीं मिला खाद्य विभाग ने 29 अक्टूबर 2025 को दुकान का निरीक्षण किया था। इस दौरान हितग्राहियों ने शिकायत की कि उन्हें अक्टूबर का पीडीएस चावल और शक्कर नहीं मिला है। जांच में दुकान में करीब 265 राशन कार्ड रखे मिले। आरोप है कि हितग्राहियों से राशन कार्ड जमा कराकर ई-पॉस मशीन में बायोमेट्रिक सत्यापन कराया गया, लेकिन उन्हें राशन और कार्ड वापस नहीं दिए गए। जांच में करीब 250 राशन कार्ड की एंट्री ई-पॉस मशीन में मिली, जबकि संबंधित हितग्राहियों को चावल वितरित नहीं किया गया था। इससे 81.07 क्विंटल चावल के गबन की बात सामने आई। दोबारा सत्यापन में 389 क्विंटल चावल कम मिला जांच के दौरान ई-पॉस रिकॉर्ड और दुकान के वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर मिला। प्रारंभिक जांच में 333.97 क्विंटल चावल की कमी पाई गई थी। रिकॉर्ड के अनुसार 12 से 15 अक्टूबर के बीच दुकान में 232.90 क्विंटल चावल पहुंचा था, लेकिन इसकी विधिवत पावती नहीं ली गई थी। दुकान में स्टॉक रजिस्टर और आवश्यक सूचना बोर्ड भी नहीं मिले। कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर 4 नवंबर 2025 को दुकानदार को निलंबित कर दुकान दूसरी संस्था से संबद्ध कर दी गई। 7 नवंबर को दुकान हस्तांतरण के लिए दोबारा भौतिक सत्यापन हुआ। इसमें चावल की कमी बढ़कर 389.24 क्विंटल यानी 778.48 बोरी पाई गई। जांच के मुताबिक, सरकारी राशन के गबन और धोखाधड़ी से करीब 15.91 लाख रुपए की वित्तीय हानि हुई। शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच की गई। साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने टोपेश्वर साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
Source link
रायपुर की सरकारी दुकान से 16 लाख का राशन गायब…VIDEO:फूड अधिकारियों की शिकायत पर दुकानदार पर केस दर्ज, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
