Headlines

हिसार के ढाणा कलां में 80 कनाल जमीन की निशानदेही:पैमाइश के बाद तय होगी अगली कार्रवाई, भारी पुलिस बल रहा तैनात




हिसार के ढाणा कलां गांव में 80 कनाल 17 मरले जमीन की निशानदेही बुधवार को प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से की गई। संभावित विरोध को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सदानंद के नेतृत्व में पुलिसकर्मी मौजूद थे। नायब तहसीलदार सुरेश कुमार भी इस दौरान उपस्थित रहे। यह कार्रवाई उस जमीन को लेकर की गई, जिस पर करीब 100 मकान बने हुए हैं। ग्रामीण लंबे समय से इस जमीन पर बने मकानों को खाली करने की कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह जमीन पहले फरीदकोट के राजा के नाम थी, जिसे बाद में शिवकुमार सैनी ने खरीदा था। जमीन पर बने निर्माण के बाद चला आ रहा विवाद जमीन पर निर्माण होने के बाद से इसे खाली करवाने को लेकर विवाद चला आ रहा है। इससे पहले भी प्रशासन ने दो-तीन बार कब्जा दिलाने का प्रयास किया था, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण उन्हें लौटना पड़ा था। बुधवार को प्रशासन ने पहले जमीन की निशानदेही कर मौके की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की। अब प्रशासन की नजर जमीन की पैमाइश की रिपोर्ट पर है। पैमाइश के बाद जमीन की वास्तविक स्थिति और मौके पर बने निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी, जिसके आधार पर प्रशासन आगामी कार्रवाई तय करेगा। फिलहाल निशानदेही शांतिपूर्ण तरीके से पूरी होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है। पुलिस द्वारा भी क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *