![]()
चंडीगढ़ से सटे पंजाब के गांव तोगा के जंगल में बुधवार को एक व्यक्ति का शव मिला। शव की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस की मलोया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटनास्थल पंजाब की सीमा में है। इसके बाद मुल्लापुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पंजाब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर खरड़ सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय बालकिशन के रूप में हुई है। वह मलोया कॉलोनी में रहता था और चंडीगढ़ नगर निगम में ठेके पर सफाई कर्मचारी था। परिवार के मुताबिक उसके गले पर चोट के निशान थे और वहां से खून भी निकल रहा था। इसी वजह से परिजनों को उसकी मौत को लेकर शक है। हालांकि पुलिस अभी हत्या की पुष्टि नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पता चलेगा कि मौत हत्या, चोट या किसी अन्य कारण से हुई। 2 दिन से घर नहीं लौटा बालकिशन मृतक के जीजा शिवा ने बताया कि बालकिशन रोजाना की तरह सोमवार को काम पर गया था। काम खत्म होने के बाद वह घर नहीं लौटा। परिवार ने पहले ज्यादा चिंता नहीं की, क्योंकि वह कई बार अपने दोस्तों के साथ रुक जाता था। परिजनों को लगा कि वह अगले दिन घर आ जाएगा। परिवार कर रहा था तलाश मंगलवार को भी जब बालकिशन घर नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। परिवार के लोगों ने वीडियो देखा तो उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान बालकिशन के रूप में हुई। वीडियो देखकर जंगल में पहुंचे परिजन शिवा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शव का चेहरा देखकर परिवार को शक हुआ कि वह बालकिशन ही है। इसके बाद परिजन तुरंत गांव तोगा के जंगल की तरफ पहुंचे। वहां शव देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मालोया थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में एएसआई सतनाम सिंह भी शामिल थे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि जिस जगह शव मिला है, वह पंजाब की सीमा में आती है। इसके बाद पंजाब पुलिस को सूचना दी गई। गले पर मिले चोट का निशान परिजनों के मुताबिक बालकिशन के गले पर चोट का निशान था और वहां से खून निकल रहा था। इसी कारण परिवार को उसकी मौत संदिग्ध लग रही है। हालांकि अभी तक परिवार ने किसी व्यक्ति पर हत्या का शक नहीं जताया है।शिवा ने कहा कि परिवार को फिलहाल किसी पर शक नहीं है। पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम के बाद ही यह पता चल पाएगा कि बालकिशन की मौत कैसे हुई। शव के पास शराब और पानी की बोतल मिली परिजनों के अनुसार शव के पास शराब की एक बोतल और पानी की बोतल भी पड़ी थी। कुछ दूरी पर बालकिशन की साइकिल भी खड़ी मिली। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बालकिशन जंगल में अकेला पहुंचा था या उसके साथ कोई और व्यक्ति भी था। फिलहाल पुलिस हत्या, हादसे और अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
चंडीगढ़ से सटे जंगल में सफाई कर्मी का मिला शव:गले पर चोट के निशान, 2 दिन से था लापता; पोस्टमॉर्टम से खुलेगा मौत का राज
