Headlines

होटल कारोबारी निखार हत्याकांड मामला:शूटरों की तलाश में बिहार-बंगाल में छापेमारी जारी, सोनारी के दो अपराधियों ने की थी रेकी




सरायकेला के कांदरबेड़ा स्थित टेंथ माइल स्टोन में होटल कारोबारी निखार सबलोक (33) की हत्या की जांच कर रही सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम खुलासे के करीब पहुंच गई है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए विक्रम शर्मा के करीबी का मोबाइल डिटेल खंगाला है। इससे उसके घटनाक्रम से संबंध की कड़ी तलाश की जा रही है। जांच में शूटरों को हायर कर निखार की हत्या कराने का एंगल सामने आया है। गोली मारकर की गई थी हत्या
बताते चलें कि सरायकेला में सोमवार 24 अगस्त की दोपहर टेंथ माइल स्टोन होटल में निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। निखार को कुल आठ गोलियां लगीं थीं। सिर में दो, गर्दन में एक, दोनों कंधों में एक-एक, पीठ में दो और कमर में दोनों तरफ एक-एक गोली लगने के निशान मिले थे। इधर, सुपारी देकर हत्या कराने के बिंदु पर जांच जारी है। हालांकि रुपए के लेनदेन का अभी कोई सबूत नहीं मिला है। शूटरों की तलाश में बिहार और बंगाल में छापेमारी जारी है। एसआईटी को जानकारी मिली है कि हत्या के बाद शूटर बाहर निकले और भागते समय एनएच पर दो राउंड फायरिंग की। लाल कार रांची के आगे सीसीटीवी में नहीं दिखी
इसके बाद दूसरी दिशा में खड़ी लाल रंग की कार से रांची की ओर भागे। रांची के बाद बिहार जाने तक का लिंक पुलिस को पुख्ता नहीं मिल पाया है। लाल कार रांची के आगे सीसीटीवी में नहीं दिखी है। जांच में सामने आया है कि हत्या को अंजाम देने के लिए बिहार के अपराधियों को भाड़े पर बुलाया गया था। दोनों शूटर करीब एक सप्ताह से जमशेदपुर में मौजूद थे। सोनारी क्षेत्र के दो अपराधियों ने निखार की गतिविधियों की रेकी की थी। पहले विजया हेरिटेज में हत्या की थी योजना
पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने पहले कदमा स्थित विजया हेरिटेज में निखार की हत्या की योजना बनाई थी। वहां कड़ी सुरक्षा के कारण योजना बदलनी पड़ी। इसके बाद हाईवे किनारे टेंथ माइल स्टोन होटल को चुना गया। निखार जमीन की डीलिंग के सिलसिले में करीब तीन दिनों से होटल में मीटिंग के लिए जा रहे थे। अपराधियों ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही हत्या कर दी। पुलिस फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कह रही है। हालांकि एक शूटर की गिरफ्तारी और मिले सुरागों के बाद जल्द ही हत्याकांड का बड़ा खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *