![]()
बालोद जिला अस्पताल परिसर में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजे भालू घुस गया। कुत्तों के लगातार भौंकने की आवाज सुनकर सुरक्षा चौकीदार ने बाहर देखा तो परिसर में भालू घूमता नजर आया। भालू अस्पताल परिसर से होते हुए डॉक्टरों के क्वार्टर की ओर गया और फिर जंगल की तरफ लौट गया। सुरक्षा चौकीदार ने बताया कि रात में कुत्ते अचानक जोर-जोर से भौंकने लगे। बाहर जाकर देखा तो भालू अस्पताल परिसर में था। वह कुछ देर परिसर में घूमने के बाद डॉक्टरों के क्वार्टर की दिशा में चला गया। इसके बाद वह वापस जंगल की ओर निकल गया। अस्पताल के पास ही मरीज और परिजन रहते हैं जिला अस्पताल और मातृ-शिशु अस्पताल एक-दूसरे से सटे हुए हैं। यहां बड़ी संख्या में मरीज भर्ती रहते हैं और उनके परिजन भी अस्पताल परिसर में रहते हैं। जिस रास्ते से भालू गुजरा, उसी जगह रात में कई परिजन आराम करते हैं। ऐसे में भालू के अस्पताल तक पहुंचने से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। तांदुला जलाशय के जंगल से पहुंचा वन विभाग के रेंजर सरोज कुमार ने बताया कि भालू तांदुला जलाशय से लगे जंगल की ओर से अंधेरे में अस्पताल परिसर तक पहुंचा था। चौकीदार ने कुत्तों के भौंकने पर उसे देखा। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके का जायजा लिया है। भालू की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। दल्लीराजहरा में डेढ़ महीने से मंदिर पहुंच रहा भालू जोड़ा बालोद जिले में भालुओं के आबादी वाले इलाकों में पहुंचने का यह पहला मामला नहीं है। दल्लीराजहरा के वार्ड-1 स्थित राजहरा बाबा मंदिर परिसर में पिछले करीब डेढ़ महीने से भालुओं का एक जोड़ा लगातार पहुंच रहा है। दोनों भालू शाम या रात के समय मंदिर में आते हैं और श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए श्रीफल समेत अन्य खाद्य सामग्री खा लेते हैं। कई बार उन्हें हवन कुंड में घुसकर आराम करते हुए भी देखा गया है। भालुओं की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने मंदिर के आसपास गश्त बढ़ा दी है। मंदिर की छत पर चार चौकीदारों की ड्यूटी भी लगाई गई है। बकलीटोला में पेड़ पर चढ़ते भालुओं का वीडियो वायरल ग्राम बकलीटोला से लगे जंगल में पेड़ पर चढ़ते भालुओं के जोड़े का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था। इसके अलावा दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र के केशोपुर में एक बाड़ी की सुरक्षा जाली में करीब 10 फीट लंबा अजगर फंस गया था। वन विभाग की टीम ने उसका रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया था। दो साल से शहर के अलग-अलग हिस्सों में दिख रहे भालू दल्लीराजहरा शहर में पिछले करीब दो साल से अलग-अलग इलाकों में भालुओं की मौजूदगी सामने आती रही है। वार्ड-2, वार्ड-5, वार्ड-3 में माइंस ऑफिस के पास, वार्ड-23 और पुराने बाजार क्षेत्र में भी भालू दिखाई दे चुके हैं। अब बालोद शहर के जिला अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर तक भालू पहुंचने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
Source link
बालोद जिला अस्पताल में आधी रात घुसा भालू:कुत्तों के भौंकने पर चौकीदार ने देखा, डॉक्टर क्वार्टर की ओर गया और जंगल लौटा
