Headlines

रक्षाबंधन पर बाजारों में बढ़ी भीड़:महिला थाना और एंटी रोमियो टीम ने देर रात किया पैदल गश्त




मथुरा में रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ बढ़ गई है। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। महिला थाना पुलिस और एंटी रोमियो टीम ने देर रात करीब 12 बजे तक प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त किया, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मथुरा के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। महिला थाना पुलिस बल और एंटी रोमियो प्रभारी के नेतृत्व में थाना कोतवाली क्षेत्र के कृष्णा नगर सहित आसपास के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग की गई। पुलिस टीम ने पैदल गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गश्त के दौरान, पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और युवतियों से बातचीत की और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने उनसे अपील की कि भीड़भाड़ वाले बाजारों में खरीदारी करते समय अपने सामान और आसपास के लोगों पर ध्यान दें। किसी भी तरह की छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। रक्षाबंधन पर्व के कारण कृष्णा नगर समेत शहर के अन्य प्रमुख बाजारों में राखी, मिठाई, कपड़े और उपहारों की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। शाम से देर रात तक बाजारों में महिलाओं और युवतियों की उपस्थिति भी काफी अधिक देखी जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने मनचलों और संदिग्ध व्यक्तियों पर अपनी निगरानी बढ़ा दी है। महिला थाना और एंटी रोमियो टीम ने यह स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस टीमें लगातार बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर गश्त करती रहेंगी, ताकि रक्षाबंधन पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *