Headlines

अमृतसर में सुखबीर बादल का मान सरकार पर हमला:बोले- कर्मचारियों को डराकर चुप नहीं करा सकते; सरकार के कुछ महीने बचे




शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल शुक्रवार को बाबा बकाला साहिब में होने वाले रक्खड़ पुण्या मेले से पहले सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे। उन्होंने गुरु घर में माथा टेका और पंजाब की सुख-शांति व सरबत के भले के लिए अरदास की। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर कई आरोप लगाए। कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और निलंबन की कथित धमकी के मुद्दे पर सुखबीर बादल ने कहा कि मुख्यमंत्री को पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की कार्यशैली से सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकाश सिंह बादल कभी कर्मचारी संगठनों से मिलने से इनकार नहीं करते थे और उनकी समस्याएं सुनकर समाधान का प्रयास करते थे। सुखबीर बादल बोले- सरकारी कर्मचारी पंजाब सरकार का अहम हिस्सा सुखबीर बादल ने कहा कि सरकारी कर्मचारी पंजाब सरकार का अहम हिस्सा हैं और उनकी मेहनत से प्रशासनिक व्यवस्था चलती है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब बनने के बाद कर्मचारियों को मिली कई सुविधाएं प्रकाश सिंह बादल के मुख्यमंत्री रहते लागू हुईं। उनके अनुसार, उस दौरान कई वेतन आयोग लागू किए गए और कर्मचारियों को आयोग की सिफारिशों से भी अधिक लाभ दिया गया। डीए के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों के बावजूद कर्मचारियों को उनका हक देने में सरकार आनाकानी कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अदालत के आदेशों का पालन नहीं करने पर सरकार को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। बादल ने सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया बादल ने सरकार पर सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि कर्मचारियों के बकाया देने के बजाय विज्ञापनों, रैलियों और राजनीतिक गतिविधियों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने सरकार के करीबी लोगों को ठेके दिए जाने का आरोप लगाया। सुखबीर बादल ने कहा कि पुलिस के दबाव और मुकदमों के डर से पंजाब के लोगों को चुप नहीं कराया जा सकता। उन्होंने दावा किया कि सरकार के पास अब कुछ ही महीने बचे हैं और पंजाब में राजनीतिक बदलाव की लहर चल रही है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल पंजाब की क्षेत्रीय पार्टी है और पार्टी को मजबूत कर पंजाब के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रखी जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *