Headlines

गिरिडीह में युवक का शव तालाब में मिला:चेहरे पर चोट के निशान दिखे, चार दिनों से था लापता; मानसिक रूप से था अस्वस्थ




गिरिडीह के तिसरी-देवरी थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित बेलकुशी महादेव मंदिर के पीछे एक तालाब में शुक्रवार को एक युवक का उपलाता हुआ शव मिला। शव की पहचान 19 वर्षीय अब्दुल वाहिद के रूप में हुई है, जो ग्राम पंचायत पलमरुआ, पोस्ट चंदौरी, थाना तिसरी, जिला गिरिडीह का निवासी था। उसके पिता का नाम मोहम्मद मिन्हाज है। ग्रामीणों ने शुक्रवार को मंदिर के पीछे तालाब में शव को देखा। इसकी सूचना फैलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल तिसरी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर तिसरी थाना प्रभारी शम्भू नंद ईश्वर, एसआई लव कुमार और राहुल यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे यह तीन से चार दिन पुराना होने का अनुमान लगाया गया। अब्दुल वाहिद मानसिक रूप से अस्वस्थ था और वह पिछले चार दिनों से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। तालाब में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान अब्दुल वाहिद के रूप में की। शव के चेहरे पर चोट के निशान भी मिले हैं। तिसरी थाना प्रभारी शम्भू नंद ईश्वर ने बताया कि तालाब में शव मिलने की सूचना पर वे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने पुष्टि की कि मृतक युवक पिछले तीन-चार दिनों से लापता था और शुक्रवार को उसका शव तालाब से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *