![]()
फाजिल्का में स्वाइन फ्लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अन्य कमजोर वर्ग के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सिविल सर्जन डॉ. कविता ने लोगों से स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने और बीमारी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि मौसम को देखते हुए सिविल अस्पताल फाजिल्का, अबोहर और जलालाबाद में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध और पुष्टि वाले मरीजों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को स्कूलों, कॉलेजों, स्वास्थ्य संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग बोला- आसपास साफ-सफाई बनाए रखें स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू इन्फ्लुएंजा वायरस (H1N1) से होने वाली संक्रामक बीमारी है। यह खांसी-छींक, बहती नाक, हाथ मिलाने और संक्रमित वस्तुओं को छूने के अलावा खुले में थूकने से भी फैल सकता है। बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, कमजोर व्यक्तियों और अस्थमा के मरीजों के लिए यह बीमारी गंभीर हो सकती है। हालांकि, स्वस्थ लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है और कई मामलों में बीमारी करीब 10 दिन में ठीक हो जाती है। विभाग ने कहा कि बुखार, खांसी, गले में दर्द, दस्त, उल्टी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में डॉक्टर से सलाह लें। जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. सुनीता कंबोज ने भी लोगों को जागरूक करने की अपील की। बचाव के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने, हाथ साबुन से धोने, आंख-नाक-मुंह को बार-बार न छूने और खांसते-छींकते समय मुंह-नाक ढकने की सलाह दी गई है। संक्रमित व्यक्ति से करीब एक मीटर दूरी रखने, पर्याप्त नींद, पानी और पौष्टिक भोजन लेने के साथ आसपास साफ-सफाई बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
Source link
फाजिल्का में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट:बुजुर्गों-बच्चों और गर्भवती महिलाओं को सावधानी बरतने की सलाह
