Headlines

मंडी की ब्यास नदी में गिरा वाहन, ड्राइवर लापता:गोभी लेकर जा रहा था पंजाब; झाड़ियों में मिला मोबाइल-ड्राइविंग लाइसेंस; सर्च ऑपरेशन चलाया




मंडी के पंडोह के पास 6 मील क्षेत्र में बीती रात एक जीप ब्यास नदी में गिर गई। इस हादसे में जीप चालक रमेश चंद लापता हो गया है, जिसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। जीप नंबर एचपी 66 ए 6528 लाहुल स्पीति से गोभी लेकर पंजाब जा रही थी। हादसे का पता तब चला जब जीप पंजाब नहीं पहुंची और ड्राइवर की तलाश शुरू हुई। कांढ़ी गांव निवासी चालक रमेश चंद पुत्र जगत राम गोभी लेकर पंजाब के लिए निकला था। जानकारी के अनुसार, रमेश चंद की हणोगी के पास अपने आढ़ती से फोन पर बात हुई थी। उसने बताया था कि वह हणोगी पार कर चुका है और सुबह तक पंजाब पहुंच जाएगा। इसके बाद रात करीब 11 बजे यह हादसा हुआ, जिसकी जानकारी किसी को नहीं मिल पाई। सुबह जब जीप पंजाब नहीं पहुंची तो आढ़ती ने रमेश चंद को फोन करना शुरू किया। रमेश का फोन बजता रहा लेकिन किसी ने उठाया नहीं। इसके बाद आढ़ती ने रमेश के छोटे भाई बालक राम से संपर्क किया। जीप ड्राइवर का मोबाइल फोन और लाइसेंस बरामद बालक राम ने पंडोह पुलिस की मदद से रमेश के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि जीप हादसे का शिकार हो गई है। जीप का एक हिस्सा पानी में समा गया था, जबकि कुछ हिस्सा और ले जाई जा रही गोभी नदी के बाहर झाड़ियों में बिखरी हुई मिली। मौके से जीप ड्राइवर का मोबाइल फोन और लाइसेंस बरामद कर लिए गए हैं। लापता ड्राइवर की तलाश शुरू पंडोह पुलिस चौकी की टीम ने एसडीआरएफ की मदद से लापता रमेश चंद को तलाशने के लिए तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा, एसएचओ सदर सुनील और चौकी प्रभारी पंडोह अशोक पठानिया मौजूद रहे। देर रात तक तलाशी अभियान जारी रहा। एसपी मंडी विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि लापता जीप चालक को तलाशने के प्रयास जारी हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *