![]()
सुकमा जिले के पोलमपल्ली कन्या पोटाकेबिन में फूड पॉइजनिंग के चलते 35 बच्चे बीमार हो गए हैं। इनमें से एक बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। वहीं, बाकी 35 बच्चों का इलाज दोरनापाल सामुदायिक अस्पताल में जारी है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को बच्चों ने दिन-रात तीनों समय कुमड़ा सब्जी खाई थी। इसके अगले दिन बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। पोटाकेबिन प्रबंधन ने बच्चों को दोरनापाल सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। इनमें से एक बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। कक्षा 4 की छात्रा को तेज बुखार भी आया जिला अस्पताल में भर्ती कक्षा 4 की छात्रा लक्ष्मी सोढ़ी को शुक्रवार सुबह उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी। उसे पहले दोरनापाल अस्पताल लाया गया, जहां उसे तेज बुखार भी आने लगा। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया। वर्तमान में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। तीन चरणों में अस्पताल लाए गए बच्चे दोरनापाल सामुदायिक अस्पताल में कुल 35 बच्चों का इलाज चल रहा है। इनमें डायरिया और बुखार के लक्षण पाए गए हैं। बच्चों को तीन अलग-अलग चरणों में अस्पताल लाया गया। पहली बार 15, दूसरी बार 14 और तीसरी बार 6 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी कलेक्टर अमित कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पोटाकेबिन में साफ-सफाई का अभाव कन्या पोटाकेबिन में शौचालयों की नियमित साफ-सफाई नहीं होने की बात सामने आई है। वहीं, बच्चों के पीने के पानी के लिए फिल्टर का इस्तेमाल भी नहीं किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पोटाकेबिन की अधीक्षिका लता मौर्य के पास दो आवासीय संस्थानों की जिम्मेदारी है।
Source link
पोलमपल्ली कन्या पोटाकेबिन में फूड पॉइजनिंग, 35 बच्चे बीमार:कुमड़ा सब्जी खाने के बाद उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत, एक छात्रा जिला अस्पताल में भर्ती
