![]()
गयाजी में रविवार को दो अलग-अलग हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई। एक युवक कोठवारा पुल के पास नशे में बेहोशी की स्थिति में मिला। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसकी पहचान अभी तक नहीं हुई है। पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी और ऑटो-रिक्शा वालों से पूछताछ हो रही है। वहीं, निगरी गांव में निलांजना नदी में शौच करने गए 43 वर्षीय कैलाश मांझी गहरे पानी भरे गड्ढे में गिरकर डूब गए। अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोठवारा पुल के पास मिला बेहोश युवक बहेरा थाना क्षेत्र के कोठवारा पुल के पास रविवार को स्थानीय लोगों ने एक युवक को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। युवक को सड़क किनारे पड़ा देख लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद बहेरा थाना की टीम मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित उठाया गया। उसे इलाज के लिए डोभी पीएचसी ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की उम्र करीब 24 से 30 वर्ष के बीच थी। उसके पास से कोई पहचान पत्र या ऐसा सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके।
पीएचसी में डॉक्टरों ने युवक को होश में लाने का प्रयास किया। उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया गया। वहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। बहेरा थानाध्यक्ष रविरंजन कुमार ने बताया कि युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर सुरक्षित रखा है।
पैर फिसलने से गई जान दूसरी घटना निगरी गांव की है। यहां 43 वर्षीय कैलाश मांझी रविवार शाम निलांजना नदी में शौच करने गए थे। इसी दौरान नदी में बने गहरे गड्ढे में उनका पैर फिसल गया। गड्ढे में पानी गहरा था और बहाव भी तेज था। वह डूबने लगे।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें डूबता देखा। इसके बाद शोर मचाकर लोगों को बुलाया गया। गांव के कुछ तैराक नदी में उतरे और काफी प्रयास के बाद कैलाश को बाहर निकाला।
ग्रामीण उन्हें डोभी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर डोभी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार भी मौके पर पहुंचे।
Source link
गयाजी में 2 मौतें, एक पानी भरे गड्ढे में डूबा:दूसरा अज्ञात व्यक्ति सड़क पर बेहोश था, इलाज के दौरान गई जान; पहचान में जुटी पुलिस
