![]()
बेमेतरा के ग्राम डुंडा के पास दुर्ग-बेमेतरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को सड़क पर फैली गीली मिट्टी के कारण एक घंटे में 20 से ज्यादा लोग सड़क हादसों का शिकार हो गए। कई घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि धान की बुवाई के दौरान खेतों से निकलने वाले ट्रैक्टरों के पहियों से मिट्टी सड़क पर फैल गई। इससे सड़क फिसलन भरी हो गई और लगातार दोपहिया वाहन चालक गिरते रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और प्रशासन समय पर नहीं पहुंचा। इसके बाद ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक श्रमदान कर सड़क से मिट्टी हटाई और फिसलन कम करने का प्रयास किया। घायलों ने बताई घटना ग्राम पत्थरा निवासी जितेश कुमार (24) ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम से लौटते समय उनकी बाइक मिट्टी पर फिसल गई, जिससे वे घायल हो गए। ग्राम मोरेगा निवासी प्रेम कुमार ने बताया कि उनके गिरने के बाद उसी जगह कई अन्य बाइक सवार भी दुर्घटनाग्रस्त हो गए। एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों ने उठाए सवाल ग्रामीणों का कहना है कि हादसों की जानकारी पहले ही प्रशासन को दी गई थी, लेकिन न सड़क की सफाई कराई गई और न ही बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड लगाए गए। उन्होंने सड़क की तत्काल सफाई और स्थायी व्यवस्था की मांग की है।
Source link
सड़क पर फैली मिट्टी,1 घंटे में 20 से ज्यादा हादसे:घायल अस्पताल में भर्ती; ग्रामीणों ने हटाई फिसलन भरी मिट्टी
