![]()
अवतार सिंह भड़ाना न तो टिकट मांगता है, न कभी मांगा है, न कभी मांगेगा…दल खुद खुशामद करके मुझे टिकट देते हैं। उसी से मैं चुनाव जीतता हूं, आज भी इतनी दम है कि 10 सीटों पर एमएलए और 25 सीटों पर अपने दम पर ही विधानसभा का चुनाव लड़ सकता हूं।
मेरठ की राजनीति के पुराने खिलाड़ी अवतार सिंह भड़ाना अवतार सिंह भड़ाना इन दिनों मेरठ की गलियों में दोबारा नजर आ रहे हैं। चर्चा है कि वो दक्षिण विधानसभा से 2027 चुनाव में ताल ठोंक सकते हैं। मेरठ के पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता अवतार सिंह भड़ाना 2 सितंबर को सेंट्रल मार्केट बचाओ आंदोलन के चलते हो रहे मेरठ बंद में अपना समर्थन दे चुके हैं।
अवतार सिंह भड़ाना से दैनिक भास्कर की पूरी बातचीत पढ़िए…
सवाल- लंबे समय बाद आप मेरठ में नजर आ रहे हैं, क्या ये आगामी चुनाव की तैयारी है? जबाव- ऐसा नहीं है मेरठ की आवाम से मुझे खास लगाव है। यहां सेंट्रल मार्केट के हालात बहुत खराब हैं, बहन बेटियां यहां धरने पर महीनों से बैठी हैं। पहले भी मैं यहां आ चुका हूं। मैंने सीएम योगीजी से और अवनीश अवस्थी जी से भी इस मुद्दे को रखा है। उनसे अपील की है कि वो सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों के लिए कोई रास्ता निकालें। ताकि यहां जो बहन, बेटियां व्यापारियों के परिवार हैं उनको चैन मिले। तब सारे अधिकारी मेरठ आए थे, तो मुझे लगा कि इनका भला हो जाए, लेकिन वो नहीं हो सका। मुझे बहुत पीड़ा हो रही है कि हमारे मेरठ की आवाम तकलीफ में है ये वो आवाम है जिसने मुझे सांसद बनाया है। इसलिए मैं इनकी दुख, तकलीफों में इनके साथ हूं। आगे भी इनके साथ खड़ा रहूंगा। सवाल- सेंट्रल मार्केट की जनता को शिकायत है कि भाजपा के स्थानीय जनप्रतिनिधि उनके दर्द में साथ नहीं आ रहे? जबाव- भाजपा के हाथ में तो देश है, उनके नेता सेंट्रल मार्केट में जाएं या न जाएं ये उनकी मंशा है। उनकी सरकार में उनके मंत्री, सांसद होते हुए उनकी जनता पीड़ा में रहे तो ये बहुत अफसोस का विषय है। इस बात पर उनको गौर करना चाहिए। हमने बहुत राजनीतिक जीवन देखा है। लेकिन इतना अत्याचार, जुर्म हमने इस मेरठ में कभी नहीं देखा। जब मैं बच्चा था तो सुना करता था कि मेरठ में लाशों के ढेर होते हैं, वहां हिंदू मुस्लिम होता है। लेकिन मैं जबसे यहां आया तबसे मैंने ये सब मेरठ में नहीं देखा। यहां का हिंदू मुसलमान सब बहुत अच्छे हैं। वो अपने ही क्षेत्र में नहीं जा रहे ये उनकी सोच है। सवाल- क्या आप 2027 में दक्षिण सीट से चुनाव लड़ रहे हैं? जबाव- मैं यहां पहले आया था तब भी मैं यहां से टिकट मांग रहा था। न मैंने आज तक किसी से टिकट मांगी है न टिकट मांगने की मेरी आदत है। मुझे पार्टी, दल खुद खुशामत करके टिकट देते हैं। हिंदुस्तान में कश्मीर से लेकर राजस्थान, मप्र में 10 जगह से मैं लोकसभा चुनाव लड़ सकता हूं और 25 जगह से विधानसभा लड़ सकता हूं। यहां से हरिद्वार तक 10 जगह से एमएलए चुनाव लड़ सकता हूं। सवाल- आप टिकट मांग रहे हैं? जबाव- मैं फिलहाल कोई टिकट नहीं मांग रहा हूं। पिछली बार भी मेरी पार्टी ने मुझे कहा था कि आप लोकसभा चुनाव लड़िए। इसके बाद हरियाणा में विधानसभा चुनाव हुए तो कहा कि मैं विधानसभा लड़ूं। मैंने कहा कि मैं पार्टी के लिए काम करुंगा। मैंने अपने क्षेत्र में उम्मीदवार को छह लाख वोट दिलवाए। मेवात, गुड़गांव में मैंने 7 लाख वोट दिलवाया। मैं पार्टी के लिए काम करता हूं। सवाल- ऑफर मिला तो कौन सी सीट मांगेंगे?
जबाव- अभी मैं ज्यादा कुछ नहीं कह सकता। अब मैं पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करना चाहता हूं। क्योंकि नेहरू परिवार ने मुझे इतना दिया है कि नसीबवालों को भी इससे कम ही मिलता है। मैं जहां से भी जीता हूं, जहां से सांसद बना हूं वहां की आवाम के लिए मेरे मन में पीड़ा रहती है। वहां आता रहूंगा उनकी मदद करता रहूंगा। सवाल- इमरान मसूद ने हाल मे ंविवादित बयान दिया उस पर क्या कहेंगे?
जबाव- यही कहूंगा कि अखिलेश जी, राहुल जी को ऐसे लोगों पर अंकुश लगाना चाहिए क्योंकि ये लोग संगठन को कमजोर करते हैं। जो कमजोर करेगा वो न राहुल जी का है न अखिलेश जी का है। ये बयान गठबंधन को कमजोर करते हैं। गठबंधन में एक मजबूती है लेकिन ये बयान इसे कमजोर बनाते हैं। सवाल- अब आगे क्या प्लान है?
जबाव- अभी 2 सितंबर को बंद में मेरा समर्थन है। जल्द ही मेरठ में एक बड़ी महापंचायत करने जा रहा हूं। ये ओबीसी की महापंचायत होगी। जो तमाम मुद्दों को लेकर होगी। ताकि मेरठ की आवाज दिल्ली तक सुनाई जाएगी। ओबीसी की एक बड़ी महापंचायत करने की तैयारी है।
कौन है अवतार सिंह भड़ाना जानिए…
अवतार सिंह भडाना (जन्म 17 दिसंबर 1957) हरियाणा के फरीदाबाद से एक भारतीय राजनीतिज्ञ हैं। वे हरियाणा में पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद और उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में मीरापुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व विधायक रह चुके हैं। चार बार लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने 1991, 2004 और 2009 में फरीदाबाद लोकसभा और 1999 में मेरठ लोकसभा से जीत हासिल की। उन्हें 2014 और 2019 में लगातार कृष्ण पाल गुर्जर से हार का सामना करना पड़ा। गुर्जर जाति से सबसे लंबे समय तक लोकसभा सांसद रहे हैं।
मेरठ से रहा है पुराना नाता
पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता अवतार सिंह भड़ाना का मेरठ से पुराना राजनीतिक नाता रहा है। 1999 में मेरठ से सांसद रहे हैं। हालांकि इन चर्चाओं का कोई अर्थ तभी निकलेगा जब आने वाले समय में भड़ाना के दौरे अधिक बढ़ेंगे या स्थानीय मुद्दों पर मुखर होते दिखाई देंगे।
अवतार सिंह भड़ाना फरीदाबाद के चर्चित नेता व व्यवसायी हैं लेकिन पश्चिमी उप्र में भी उनका राजनीतिक प्रभाव है। अलग-अलग दलों से चुनाव लड़ने और कई बार राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार नई जमीन तलाशने वाले भड़ाना को ऐसा नेता माना जाता है, जो चुनाव से पहले उस क्षेत्र में माहौल बनाने की कोशिश करते हैं, जहां से मैदान में उतरना चाहते हैं। अलग-अलग दलों में की है राजनीति
भड़ाना तीन दशक में लगभग हर बड़े दल में रहे हैं। कांग्रेस में वापसी से पहले वह समाजवादी पार्टी, भाजपा में रहे हैं। कांग्रेस के टिकट पर वे 1991, 2004 और 2009 में फरीदाबाद और 1999 में मेरठ से सांसद बने। 2017 में भाजपा से मीरापुर सीट से विधायक चुने गए। 2022 में वह सपा-रालोद गठबंधन के टिकट पर जेवर से मैदान में उतरे, लेकिन हार गए। 2024 में उन्होंने कांग्रेस में वापसी की थी।
Source link
मैं टिकट नहीं मांगता, दल खुशामद करके देते हैं:मेरठ की धरती से ओबीसी को साधने करेंगे रैली, पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना से पूरी बातचीत
