![]()
कोंडगांव पुलिस ने पत्रकारिता की आड़ में कथित अवैध वसूली करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक कार, एक मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 6.40 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, जामपदर पारा निवासी तिमिर प्रकाश पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो व्यक्ति खुद को पत्रकार बताकर उनकी बीज भंडार दुकान पर पहुंचे। उन्होंने दुकान की फोटो और वीडियो बनाई तथा समाचार प्रकाशित कर बदनाम करने और जेल भिजवाने की धमकी दी। बीज भंडार संचालक की शिकायत पर कार्रवाई शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने इस दौरान 30 हजार रुपये की मांग की और राशि वसूलने के बाद वहां से चले गए। इसके बाद पीड़ित ने थाना कोंडागांव में शिकायत दर्ज कराई। विशेष टीम बनाकर दोनों आरोपियों को पकड़ा शिकायत के आधार पर थाना कोंडागांव में अपराध क्रमांक 213/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) एवं 3(5) के तहत मामला कायम किया गया। थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिकेश्वर कश्यप (43) निवासी मावलीगुड़ा, थाना बस्तर और विशाल सोनी (29) निवासी करेकोटपारा, पंडरीपानी, थाना परपा, जिला बस्तर के रूप में हुई है। कार, मोबाइल और नकदी जब्त पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे स्वयं को पत्रकार बताकर लोगों को खबर प्रकाशित कर बदनाम करने का डर दिखाकर रुपये वसूलते थे। उनके कब्जे से डिजायर कार (CG 17 LC 6661), एक मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया। पुलिस का बयान कोंडागांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई पत्रकारिता की आड़ में कथित आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ की गई है। पुलिस ने कहा कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों की छवि को प्रभावित करना इसका उद्देश्य नहीं है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी पेशे की आड़ में अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Source link
कोंडागांव में पत्रकार बन वसूली करने वाले 2 गिरफ्तार:बदनाम करने और खबर प्रकाशित करने की धमकी दे मांगे रकम, कार-मोबाइल और नकदी जब्त
