Headlines

हाईकोर्ट पहुंची महिला तो खुला जमीन दोबारा बेचने का राज:पंचकूला में रजिस्ट्री फर्जीवाड़ा, 15 साल में इंतकाल नहीं दर्ज; पटवारी-कानूनगो पर शक




पंचकूला जिले के कालका तहसील के तहत आते गांव गवाही में जमीन की धोखाधड़ी और राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत का एक बड़ा मामला सामने आया है। वर्ष 2010 में खरीदी गई 1 बीघा 5 बिस्वा जमीन को तत्कालीन मालिकों ने 15 साल बाद राजस्व अधिकारियों ( कानूनगो और पटवारी) के साथ सांठगांठ कर किसी तीसरे पक्ष को दोबारा बेच दिया। महिला की शिकायत पर पिंजौर पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गवाही गांव निवासी सरिता देवी पत्नी चमन लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 8 जनवरी 2010 को मनदीप सिंह निवासी अब्दुल्लापुर (पिंजौर) से 1,33,000 रुपये में 1 बीघा 5 बिस्वा ज़मीन खरीदी थी। रजिस्ट्री के समय से ही जमीन का कब्जा उनके पास है और उन्होंने वहां अपना मकान भी बना रखा है। सरिता देवी अनपढ़ गृहिणी हैं और उनके पति पेशे से ड्राइवर हैं। आरोप है कि वे पिछले 15 वर्षों से लगातार कालका तहसील के चक्कर काट रहे थे ताकि जमीन का इंतकाल दर्ज हो सके। रिश्वत ली, फाइलें गुम और 15 साल लटकाया शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने पटवारी और तहसील कार्यालय के कर्मचारियों को कई बार दस्तावेज सौंपे और समय-समय पर पैसे (रिश्वत) भी दिए, लेकिन अधिकारी और कर्मचारी केवल आश्वासन देते रहे और साइट (पोर्टल) न चलने का बहाना बनाकर इंतकाल लटकाते रहे। हाईकोर्ट पहुंचे तो खुला राज जब तहसील दफ्तर के 50-60 चक्कर काटने के बाद भी इंतकाल दर्ज नहीं हुआ, तो पीड़ित परिवार ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया (CWP No. 32356 of 2025 व LPA No. 1157 of 2026)। हाईकोर्ट की कार्रवाई के दौरान 5 मई 2026 को बड़ा खुलासा हुआ। पता चला कि जिस जमीन पर सरिता देवी 15 साल से रह रही हैं, उसे मूल मालिकों ने राजस्व अधिकारियों के साथ मिलकर 8 मई 2025 को बलटाना (मोहाली) निवासी ईशा शर्मा पत्नी तप्पन शर्मा को दोबारा बेच दिया है। अब नया खरीदार उन्हें मकान से बेदखल करने की धमकियां दे रहा है। इन लोगों पर मामला दर्ज पिंजौर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मनदीप भल्ला, उनके पिता जगजीत सिंह और माता सुरिंदर कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं इस मामले में पटवारी, कानूनगो, रजिस्ट्री क्लर्क की भूमिका संदिग्ध मानते हुए उनके खिलाफ भी जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *