![]()
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में लगातार हो रही तेज बारिश से जनजीवन पर असर पड़ा है। जिले के नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगहों पर पानी भर गया है। लगातार बारिश का असर अब सरकारी दफ्तरों पर भी दिख रहा है। राजपुर तहसील कार्यालय के पुराने भवन में बारिश का पानी भर जाने से सरकारी कामकाज पर असर पड़ रहा है। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने 2 सितंबर को जिले के सभी स्कूलों में एक दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। जानकारी के अनुसार, राजपुर तहसील कार्यालय के कई कमरों में करीब आधा फीट तक पानी भर गया है। भवन की पुरानी हालत और कई जगहों से हो रहे लीकेज के कारण बारिश का पानी कमरों में पहुंच रहा है। कार्यालय परिसर में पानी कार्यालय परिसर में पानी की तेज धार बहती दिखी, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों को काम करने में काफी परेशानी हो रही है। महत्वपूर्ण दस्तावेजों, फाइलों और दफ्तर के सामान को सुरक्षित रखने को लेकर भी कर्मचारियों में चिंता बनी हुई है। बारिश और जलभराव से तहसील पहुंचना मुश्किल लगातार बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों से तहसील कार्यालय पहुंचने वाले लोगों की संख्या भी कम हो गई है। कई गांवों में नदी-नालों के उफान पर होने और रास्तों पर पानी भर जाने से लोग जरूरी कामों के लिए तहसील कार्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने प्रशासन से नए तहसील भवन की मंजूरी की मांग की है। भारी बारिश के चलते सभी स्कूलों में छुट्टी जिले में भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी कर 2 सितंबर को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया है। आदेश में बताया गया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है। लोगों से सावधानी की अपील जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन और पुलिस की टीमें संवेदनशील इलाकों में निगरानी कर रही हैं। लोगों से नदी-नालों के तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है। लगातार बारिश के चलते जिले में जनजीवन अभी भी प्रभावित है।
Source link
बलरामपुर में भारी बारिश से तहसील कार्यालय में भरा पानी:स्कूलों में 2 सितंबर को छुट्टी, जनजीवन प्रभावित; नदी-नाले उफान पर
