![]()
हांसी में ढाणी कुंदनापुर रोड पर बाईपास के पास बनी जेडी इंडस्ट्रीज कॉटन फैक्ट्री में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे आग लग गई। आग लगने की वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग तेजी से फैल गई और फैक्ट्री में रखा भारी मात्रा में कपास जलकर खाक हो गया। फैक्ट्री मालिक प्रदीप यादव ने बताया कि आग लगने के समय मजदूर फैक्ट्री में काम कर रहे थे। रुई के ढेर में आग लगने के बाद मजदूर घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए बाहर भागे। कर्मचारियों ने खुद ही आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ऑपरेटर सुनील, राहुल और सुनील कुमार ने अपनी टीम के साथ करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शेखपुरा पुलिस चौकी की टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। प्रदीप यादव के मुताबिक, आग में करीब 12 से 15 टन कपास जल गया है। इससे लगभग 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। अच्छी बात यह रही कि आग लगने के बाद मजदूर समय रहते फैक्ट्री से बाहर निकल गए, जिससे किसी को चोट नहीं आई। आग लगने की असली वजह जांच के बाद ही पता चलेगी।
Source link
हांसी की कॉटन फैक्ट्री भीषण आग:12 से 15 टन रुई जलकर राख, 20 लाख का नुकसान; मजदूरों ने भागकर बचाई जान
