![]()
आरक्षण को लेकर देश और बिहार की राजनीति में चल रही बहस के बीच सीतामढ़ी के बीजेपी विधायक इंजीनियर अनिल कुमार राम ने एक बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें अब आरक्षण की जरूरत नहीं है। विधायक राम ने यह भी कहा कि वह अपने बच्चों और आने वाली पीढ़ियों को यह महसूस तक नहीं होने देंगे कि वे अनुसूचित जाति (SC) वर्ग से आते हैं। विधायक अनिल राम ने बताया कि जब वे इस लायक हो चुके हैं कि अपने दम पर आगे बढ़ सकें, तो वह अपने परिवार के किसी सदस्य को आरक्षण के लाभ पर निर्भर नहीं रखना चाहते। उन्होंने कहा कि उनके बच्चों को अपनी काबिलियत और मेहनत के आधार पर ही आगे बढ़ना चाहिए। ‘ऐसी कई जातियां जिन्हें आरक्षण का फायदा नहीं’ बीजेपी विधायक ने आरक्षण व्यवस्था के लाभ को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज में अभी भी कई ऐसी जातियां हैं, जिन्हें आरक्षण का फायदा सही से नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मुसहर समेत कई अति पिछड़ी दलित जातियों का जिक्र किया। विधायक के अनुसार, ये समुदाय आज भी आरक्षण के लाभ के मामले में सबसे निचले पायदान पर हैं, जिससे उनका विकास नहीं हो पा रहा है। मुझे आरक्षण नहीं चाहिए – बीजेपी विधायक जब उनसे सीधे पूछा गया कि विधायक बनने के बाद भी क्या उन्हें आगे आरक्षण चाहिए, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “मुझे आरक्षण नहीं चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने परिवार में किसी को भी आरक्षण का लाभ नहीं दिलाना चाहते। साथ ही, अपनी आने वाली पीढ़ियों को SC वर्ग की पहचान के सहारे आगे बढ़ने की जरूरत नहीं पड़ने देंगे। इंजीनियर अनिल कुमार राम बथनाहा विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। उन्होंने रिकॉर्ड वोटों से जीत हासिल की है। खास बात यह है कि वह जिस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर आए हैं, वह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है।
Source link
सीतामढ़ी के BJP विधायक बोले- मुझे आरक्षण नहीं चाहिए:बच्चों को SC होने का एहसास नहीं होने दूंगा, मेहनत से आगे बढ़ना चाहिए
