Headlines

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 6 सितंबर तक बढ़ी:फरीदाबाद में आर-पार की लड़ाई की चेतावनी, अब मुख्यमंत्री से होगी सीधी बात




फरीदाबाद नगर निगम सफाई कर्मचारियों की ओर से 2 सितंबर तक हड़ताल का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन अब बुधवार से हड़ताल को चार दिन और आगे बढ़ा दिया गया है। सफाई कर्मचारियों ने अब 6 सितंबर तक हड़ताल जारी रखने का फैसला लिया है। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार की ओर से अभी तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया है, जिसके चलते हड़ताल की अवधि बढ़ाई गई है। सफाई कर्मचारियों के राज्य प्रधान नरेश शास्त्री ने बताया कि प्रदेशभर के सफाई कर्मचारी 6 अगस्त से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे हैं। पहले कर्मचारियों ने सरकार को 2 सितंबर तक का समय दिया था। इस दौरान सरकार से कई बार मांगों को पूरा करने की अपील की गई, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसके बाद हड़ताल को चार दिन और बढ़ाकर 6 सितंबर तक करने का फैसला लिया गया है। सीएम से टेबल पर करेंगे सीधे बातचीत नरेश शास्त्री ने कहा कि अब सफाई कर्मचारी मुख्यमंत्री के साथ सीधे टेबल पर बैठकर बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ होने वाली वार्ता में कर्मचारियों की मांगों को रखा जाएगा और बातचीत के बाद ही हड़ताल समाप्त करने पर कोई फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों का मुद्दा विधानसभा में भी उठ चुका है। कांग्रेस की ओर से विधानसभा में सवाल उठाया गया था कि सफाई कर्मचारियों को नीति के तहत पक्का किया जाए। सरकार की ओर से जवाब दिया गया था कि यदि ऐसी कोई नीति है, जिसके आधार पर कर्मचारियों को पक्का किया जा सकता है, तो उस नीति को सामने लाया जाए। तीन साल तक काम करने वाले कर्मचारी को नियमित करने का प्रावधान इस पर नरेश शास्त्री ने कहा कि हरियाणा में पहले से ही तीन साल की नीति मौजूद है। उनका दावा है कि इस नीति के तहत जो कर्मचारी लगातार तीन साल तक नियमित रूप से काम करता है, उसे पक्का किए जाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से भी इस संबंध में स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है, इसके बावजूद सरकार सफाई कर्मचारियों को पक्का नहीं कर रही है। नरेश शास्त्री ने निकाय मंत्री कृष्ण बेदी और मंत्री विपुल गोयल पर सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ कर्मचारियों की मांगों पर सरकार कोई फैसला नहीं ले रही है, वहीं दूसरी तरफ शहर में जगह-जगह जमा कूड़े को पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से उठाया जा रहा है। कूड़ा उठाने के नाम पर किया जा रहा भ्रष्टाचार : नरेश उन्होंने आरोप लगाया कि कूड़ा उठाने के नाम पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है और कूड़ा उठाने का दिखाकर फर्जी बिल बनाए जा रहे हैं। हालांकि, ये आरोप सफाई कर्मचारी संगठन की ओर से लगाए गए हैं। नरेश शास्त्री ने कहा कि सफाई कर्मचारी अब तभी हड़ताल खत्म करेंगे, जब सरकार उनकी मांगों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मुख्य मांग उन्हें पक्का करने और समान काम के लिए समान वेतन देने की है। यदि सरकार ने मांगें पूरी नहीं कीं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और यह आर-पार की लड़ाई होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *