Headlines

जिला के सभी गांवों में लगेंगी सोलर लाइटें, काम शुरू:कैबिनेट मंत्री कटारूचक ने जिला भर के सरपंचों से की बैठक, विकास कार्यों पर की चर्चा




जिला पठानकोट की समस्त ग्राम पंचायतों में चल रहे तथा भविष्य में करवाए जाने वाले विकास कार्यों के संबंध में आज जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स, मलिकपुर में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क विशेष रूप से शामिल हुए। इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अर्शदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी और जिले की ग्राम पंचायतों के सरपंच उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले की विभिन्न पंचायतों में जारी विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई। सरपंचों ने अपने-अपने गांवों से जुड़ी समस्याओं और मांगों को कैबिनेट मंत्री के समक्ष रखा। इसके अतिरिक्त, भविष्य में कराए जाने वाले विकास कार्यों पर विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक के दो मुख्य बिंदु: सोलर लाइट और मनरेगा अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से दो महत्वपूर्ण मुद्दों पर जोर दिया गया है: सोलर लाइट प्रोजेक्ट: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में गांवों में सोलर लाइटें लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। मंत्री ने सरपंचों को इस प्रोजेक्ट में पंचायतों की ओर से बनता अंश डालने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोलर लाइटों के लिए पंचायतें अपने पंचायती फंड या 15वें वित्त आयोग के तहत प्राप्त फंड से योगदान दे सकती हैं। मनरेगा फंड का सही उपयोग: कैबिनेट मंत्री ने मनरेगा के तहत उपलब्ध फंडों के सुचारू उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार इन फंडों का इस्तेमाल विकास कार्यों के लिए किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिलें और गांवों का विकास हो सके। बिना पक्षपात के होगा सर्वांगीण विकास मंत्री कटारूचक्क ने बताया कि सरपंचों द्वारा पानी और अन्य स्थानीय समस्याओं को भी ध्यान में लाया गया है, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार बिना किसी पक्षपात या भेदभाव के गांवों में विकास कार्य करवा रही है और भविष्य में भी यह रफ्तार जारी रहेगी। पठानकोट के भोआ, सुजानपुर और पठानकोट हलकों से आए सरपंचों का धन्यवाद करते हुए उन्होंने सभी से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर गांवों के विकास के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *