![]()
कानपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कैंट पुलिस ने बिहार से गांजे की खेप लेकर कानपुर पहुंचे एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 6 किलो 60 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को शनिवार दोपहर 1:30 बजे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि पुलिस को बिहार से गांजे की बड़ी खेप कानपुर लाए जाने की सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर दो पुलिस टीमें सक्रिय की गईं। शुक्रवार रात करीब नौ बजे गोरा कब्रिस्तान के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे चारों ओर से घेर लिया और दबोच लिया। तलाशी में आरोपी के पास से 6.60 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपनी पहचान गोपालगंज, बिहार निवासी भोला कुशवाहा के रूप में बताई। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बिहार से गांजे की खेप लाकर कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। वह इस बार भी बड़ी खेप खपाने के इरादे से शहर आया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है। उसके खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास और छेड़छाड़ जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के विस्तृत आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। कैंट थाना पुलिस ने आरोपी भोला कुशवाहा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर बरामद गांजा जब्त कर लिया है। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क, उसकी सप्लाई चेन और उसके संपर्क में रहने वाले अन्य तस्करों की तलाश कर रही है। अब पुलिस का मानना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद नशा तस्करी के एक बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है।
Source link
कानपुर में बिहार से आई गांजे की खेप पकड़ी गई:पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्कर को दबोचा, 6.60 किलो गांजा बरामद
