Headlines

आगरा में मंदिर में घुसकर हनुमान मूर्ति को अपवित्र किया:शिव परिवार की मूर्तियां तोड़ने का प्रयास किया, 2 युवक पकड़े




आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के कछपुरा में रविवार रात 40 साल पुराने मंदिर में दो युवकों पर देव मूर्तियों के साथ आपत्तिजनक कृत्य करने और उन्हें क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर के समय दोनों युवक मंदिर में घुसे। आरोप है कि उन्होंने हनुमान जी की मूर्ति को अपवित्र किया और शिव परिवार की मूर्तियों को उनके स्थान से खिसका कर क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की। जब मंदिर के महंत हकीम सिंह की बेटियों ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ अभद्रता की। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मंदिर पहुंचे। लोगों ने दोनों युवकों को पकड़कर जमकर पिटाई की और फिर पुलिस को सौंप दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि मौके पर किसी भी मूर्ति के खंडित होने की पुष्टि नहीं हुई है। कुछ मूर्तियां अपने स्थान से हटी हुई जरूर मिलीं, लेकिन सभी सुरक्षित हैं। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। केशव कुशवाहा, दीपक परमार, हर्ष चौहान, हिमांशु शर्मा, आदित्य शर्मा, दीपक वर्मा, अंकित, सोनू समेत कई महिलाएं भी मौजूद रहीं। सभी ने करीब एक घंटे तक हंगामा करते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। महंत हकीम सिंह ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *