![]()
गुमला जिले के सदर प्रखंड के टोटो गांव में एक कुएं से 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला है। शव की पीठ पर पत्थर बंधा हुआ था। पुलिस ने सोमवार को सूचना मिलने पर शव को बरामद किया। टोटो थाना प्रभारी कुंदन कुमार और एसआई गफ्फार अंसारी ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। मृतक की पहचान अर्जुन महली के रूप में हुई है। उनके परिजन अच्छेमन मांझी ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने कुएं में शव होने की जानकारी दी थी। जब परिजन वहां पहुंचे तो देखा कि शव की पीठ पर पत्थर बंधा हुआ था। परिजनों के अनुसार, अर्जुन महली की मानसिक हालत कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। रविवार रात को भी उन्होंने घर में काफी हंगामा किया था। सोमवार सुबह करीब 5 बजे वह घर से निकल गए थे। इसके बाद परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे ग्रामीणों ने कुएं में एक शव उपलाता देखा, जिसकी पहचान अर्जुन महली के रूप में हुई। अर्जुन महली पेशे से किसान थे और खेती का काम करते थे। उनके तीन बेटियां और दो बेटे हैं, कुल पांच संतानें हैं। उन्होंने स्नातक तक की पढ़ाई भी की थी।
Source link
गुमला में 55 वर्षीय व्यक्ति का पत्थर बंधा शव मिला:कुएं से बरामद हुई लाश, सुबह 5 बजे निकले थे घर से; ग्रामीणों ने देखा शव
