![]()
सोनीपत के सुभाष चौक स्थित कांग्रेस भवन में पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की डिजिटल सक्रियता बढ़ाने को लेकर मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका मजबूत करने और सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म के प्रभावी इस्तेमाल को लेकर रणनीति तैयार की गई। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने और संगठन के संदेश को घर-घर तक ले जाने का आह्वान किया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता राहुल वशिष्ट ने की, जबकि शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान और ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन विस्तार और डिजिटल प्लेटफॉर्म को लेकर मंथन बैठक में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनता तक अपनी बात पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को संगठन के कार्यक्रमों, नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उठाने की जरूरत है। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें कार्यकर्ता : कमल दिवान शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज सूचना और तकनीक का दौर है। फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी विचारों को तेजी से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन प्लेटफॉर्म पर नियमित रूप से सक्रिय रहने का आह्वान किया। कमल दिवान ने कहा कि पारंपरिक राजनीति के साथ डिजिटल मोर्चे पर मजबूती भी जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्षी दलों के कथित झूठे प्रचार और भ्रामक नैरेटिव का जवाब तथ्यों के आधार पर देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर सक्रिय होकर जनता की आवाज उठाए और कांग्रेस की जनहितैषी सोच को घर-घर तक पहुंचाए। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को तकनीक से जोड़ने की तैयारी वरिष्ठ नेता राहुल वशिष्ट ने संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर तैयार किए जाएंगे। इसके माध्यम से स्थानीय समस्याओं को सोशल मीडिया पर उठाने के साथ उन्हें प्रशासन तक पहुंचाने की रणनीति बनाई जाएगी। महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठाने पर जोर ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया ने कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और स्थानीय समस्याओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनता के सामने रखने की बात कही। साथ ही पार्टी नेतृत्व के संदेश और निर्देशों को तुरंत कार्यकर्ताओं और आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। रोजाना सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने का संकल्प बैठक में कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर दैनिक रूप से सक्रिय रहने, पार्टी की पोस्ट साझा करने और सकारात्मक संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए। कार्यकर्ताओं ने भी डिजिटल मोर्चे पर पूरी ताकत के साथ काम करने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शहर कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और सेवा दल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
सोनीपत में कांग्रेस की डिजिटल रणनीति तैयार:कमल दिवान बोले; सोशल मीडिया से पहुंचाएं पार्टी की नीतियां और जनहित के मुद्दे
