Headlines

गिरिडीह पुलिस ने युवक को बेरहमी से पीटा:थाना परिसर में तबीयत बिगड़ी, पुलिसकर्मी ही लेकर पहुंचे अस्पताल, वीडियो वायरल




गिरिडीह जिले के नगर थाना पुलिस पर 25 वर्षीय युवक को पहले सड़क पर पटककर पीटने और फिर थाना परिसर में दोबारा मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। घायल युवक लखन साव को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि ऑर्बिट होटल के पास दोस्तों के साथ खड़े लखन से पेट्रोलिंग पुलिस ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। उसकी बाइक व मोबाइल जब्त कर थाना ले गई। इसकी जानकारी मिलने पर वह अपने भाइयों और परिजनों के साथ बाइक लेने थाना पहुंचा तो वहां भी उसके साथ मारपीट की गई। युवक का आरोप है कि थाना प्रभारी समेत मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। वह थाना परिसर में ही गिर पड़ा। बाद में पुलिसकर्मी उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना के बाद परिजनों ने वरीय अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। ऑर्बिट होटल के पास दोस्तों से कर रहा था बात घायल युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झगरी निवासी मुन्ना साव के बेटे लखन साव के रूप में हुई है। लखन ने बताया कि वह ऑर्बिट होटल के पास अपने दोस्तों के साथ बातचीत कर रहा था। इसी दौरान नगर थाना की पेट्रोलिंग पुलिस वहां पहुंची। युवक के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट करने लगे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे सड़क पर पटककर पीटा। इसके बाद उसकी बाइक और मोबाइल जब्त कर नगर थाना ले जाया गया। लखन के अनुसार उसने घटना की जानकारी अपने बड़े भाई और अन्य परिजनों को दी। इसके बाद वह भाइयों और परिजनों के साथ अपनी बाइक लेने नगर थाना पहुंचा। युवक का आरोप है कि थाना परिसर में पहुंचने के बाद स्थिति और बिगड़ गई और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसके साथ दोबारा मारपीट की। इस दौरान उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई और वह थाना परिसर में ही गिर पड़ा। युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया। युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद लखन की बड़ी बहन भी सदर अस्पताल पहुंचीं। भाई की हालत देखकर उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई और मामले की जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने पुलिस पर लगाए गए मारपीट के आरोपों से अलग घटनाक्रम बताया है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर युवक और उसके साथी खड़े थे, वहां अक्सर लोग जुटकर नशे का सेवन करते थे। पेट्रोलिंग पुलिस के वहां पहुंचते ही मौजूद लोग भागने लगे। इसी दौरान युवक की बाइक और मोबाइल मौके पर छूट गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर थाना लाया। थाना प्रभारी के अनुसार, बाद में युवक अपने साथियों और परिजनों के साथ नगर थाना पहुंचा और थाना परिसर में हंगामा करने लगा। उन्होंने दावा किया कि युवक खुद भी डेंड्राइट के नशे में था। थाना परिसर में गाली-गलौज करते हुए आपत्तिजनक बातें कर रहा था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *