Headlines

साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस ने बताए उपाय:टू-स्टेप वेरिफिकेशन, संदिग्ध लिंक और डिजिटल अरेस्ट से बचने की दी जानकारी




बहराइच में राष्ट्रीय साइबर जागरूकता अभियान के तहत पुलिस ने लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए। बुधवार दोपहर रानीपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर स्थित ब्लू बेल्स मोंटेसरी स्कूल में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में करीब 150 से 200 लोगों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों और उनसे बचने के तरीकों की जानकारी दी गई। बहराइच के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी के निर्देश और क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा की देखरेख में यह कार्यक्रम हुआ। साइबर क्राइम पुलिस थाना बहराइच की टीम ने लोगों को साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बताया कि मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन जरूर चालू करें। मोबाइल में मौजूद जरूरी ऐप्स और ऑनलाइन खातों के लिए मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। पुलिस ने लोगों को संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और अनजान जगह से मिली APK फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करने के लिए भी आगाह किया। पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी और दूसरे साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय भी बताए। लोगों से कहा गया कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक की जानकारी, OTP, पासवर्ड या कोई और गोपनीय बात साझा न करें। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तुरंत कार्रवाई करना बहुत जरूरी है। पीड़ित व्यक्ति नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकता है। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है। इस जागरूकता कार्यक्रम में उपनिरीक्षक पुनीत सिंह, उपनिरीक्षक शिवम पाण्डेय और उपनिरीक्षक रत्नेश सिंह मौजूद थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *