![]()
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की अनंत नगर आवासीय योजना में भूखंड पाने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। योजना के पांचवें चरण में 460 भूखंडों के लिए खोले गए ऑनलाइन पंजीकरण में 8,229 लोगों ने आवेदन किया है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 9 सितंबर को शाम सात बजे तक आवेदकों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब भूखंडों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। लॉटरी की तारीख जल्द घोषित की जाएगी। 785 एकड़ में विकसित हो रही योजना मोहान रोड पर करीब 785 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अनंत नगर आवासीय योजना में लगभग डेढ़ लाख लोगों के लिए आवासीय सुविधा विकसित की जाएगी। योजना को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ग्रिड पैटर्न पर विकसित किया जा रहा है। इसमें चौड़ी सड़कों के साथ विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल की व्यवस्था की जा रही है। योजना के बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। इसके अलावा करीब 130 एकड़ क्षेत्र में पार्क और ग्रीन स्पेस तैयार किए जाएंगे। इससे योजना में हरित क्षेत्र के साथ पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। आशीष खंड में 460 भूखंडों के लिए हुआ पंजीकरण एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा के मुताबिक, अनंत नगर योजना के पहले चार चरणों में करीब 1,700 भूखंडों का आवंटन लॉटरी के जरिए किया जा चुका है। इन चरणों में 35 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया था। पांचवें चरण में आशीष खंड के 460 भूखंडों के लिए 9 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया चली। तीन श्रेणियों में हैं भूखंड पांचवें चरण में शामिल 460 भूखंड तीन अलग-अलग क्षेत्रफल के हैं। इनमें 200 वर्गमीटर के 23, 162 वर्गमीटर के 12 और 112.5 वर्गमीटर के 425 भूखंड शामिल हैं। आवेदकों की संख्या भूखंडों की संख्या से काफी अधिक होने के कारण आवंटन लॉटरी के जरिए किया जाएगा। ये सुविधाएं होंगी खास अनंत नगर योजना में बेहतर सड़क नेटवर्क, करीब 130 एकड़ में ग्रीन स्पेस, स्वच्छ जल आपूर्ति और भूमिगत विद्युत लाइनों जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा ईवी चार्जिंग स्टेशन, सामुदायिक केंद्र, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और जीरो लिक्विड डिस्चार्ज जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं भी प्रस्तावित हैं।
Source link
अनंत नगर के 460 भूखंडों पर 8,229 दावेदार:785 एकड़ में विकसित हो रही योजना में डेढ़ लाख लोगों के लिए आवासीय सुविधा होगी विकसित
