![]()
प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर नगर पालिका सफाई कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन वीरवार को 36वें दिन भी जारी रहा। उकलाना नगर पालिका कार्यालय के सामने सफाई कर्मचारी लगातार धरने पर बैठे रहे। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। सफाई कर्मचारी संघ के प्रधान राम अवतार ने कहा कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सरकार की ओर से उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में सरकार के प्रति रोष लगातार बढ़ता जा रहा है। ‘मांगे पूरी नहीं होने तक जारी रहेगा धरना’ उन्होंने कहा कि मई माह में सरकार के साथ संगठन की बातचीत हुई थी, जिसमें सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक उन मांगों को पूरा नहीं किया गया है। राम अवतार ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक सफाई कर्मचारियों का धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने हक की लड़ाई को मजबूती से जारी रखेंगे। 11 सितंबर को महापंचायत कामरेड मियां सिंह ने बताया कि 11 सितंबर को उकलाना में धरना स्थल पर महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इसमें आसपास के गांवों से विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि महापंचायत के माध्यम से सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन देने के साथ सरकार तक कर्मचारियों की मांगों को मजबूती से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों और विभिन्न संगठनों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में 11 सितंबर को धरना स्थल पर पहुंचकर सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को अपना समर्थन दें।
Source link
उकलाना में सफाई कर्मचारियों का धरना 36वें दिन भी जारी:11 सितंबर को महापंचायत, बोले- मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
