![]()
उज्जैन में श्रावण-भादौ मास के दौरान निकलने वाली भगवान श्री महाकालेश्वर की विश्व प्रसिद्ध पारंपरिक सवारी और नागपंचमी पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। रविवार को श्री महाकाल मंदिर परिसर स्थित सभाकक्ष में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, नगर निगम आयुक्त और मंदिर प्रशासक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि श्रावण मास 30 जुलाई से प्रारंभ होगा और धार्मिक आयोजन 7 सितंबर तक चलेंगे। इस अवधि में भगवान महाकाल की पारंपरिक सवारी प्रत्येक सोमवार को निकाली जाएगी। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग एक से डेढ़ लाख श्रद्धालु महाकाल मंदिर पहुंच रहे हैं, जबकि श्रावण मास में यह संख्या कई गुना बढ़ने की संभावना है। दर्शन कराने के लिए परेशान न हो अधिकारी कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण और नागपंचमी के दौरान कोई भी अधिकारी या कर्मचारी वीआईपी दर्शन न कराएं, क्योंकि इससे आमजन को परेशानी होती है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन का उपयोग फोटो या वीडियो बनाने के लिए न करने को भी कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं या किसी अन्य को दर्शन कराने के लिए भीड़ के समय परेशान न हों। बैठक में पार्किंग व्यवस्था बढ़ाने, रामघाट पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने तथा सवारी मार्ग पर चल रहे सभी निर्माण कार्य 20 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि श्रावण मास शुरू होने के बाद सवारी मार्ग पर कोई भी निर्माण कार्य अधूरा नहीं रहना चाहिए। बिजली के तार खुले नहीं रहना चाहिए बिजली विभाग को भी विशेष निर्देश दिए गए कि सवारी मार्ग पर कहीं भी बिजली के खुले तार नहीं रहने चाहिए। सभी खुले तारों को तत्काल सुरक्षित किया जाए, ताकि सवारी और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। इसके साथ ही नगर निगम को निर्देश दिए गए कि सवारी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भवनों की छतों और बालकनियों पर चढ़कर दर्शन करते हैं। ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी प्रकार का हादसा न हो। 16 जुलाई को करेंगे संयुक्त निरीक्षण कलेक्टर ने सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि 16 जुलाई को पूरे महाकाल सवारी मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाओं की मौके पर समीक्षा कर कमियों को तत्काल दूर किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भगवान महाकाल की सवारी को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाएगा। देशभर से आने वाले राष्ट्रीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं 17 अगस्त को नागपंचमी पर्व के दौरान होने वाली व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा कर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम दर्शन की सुविधा मिल सके।
Source link
महाकाल सवारी को लेकर कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश:श्रावण-भादौ की तैयारियों के लिए 20 जुलाई तक निर्माण कार्य पूरे करने को कहा
