Headlines

बोकारो के कूलिंग पौंड में युवक का शव मिला:गुरुवार की शाम से था लापता, कुछ दिनों से रह रहा था बिल्कुल शांत; आत्महत्या की आशंका




बोकारो जनरल अस्पताल के सामने कूलिंग पौंड में शुक्रवार सुबह एक 20 साल के युवक का शव मिला। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सेक्टर-9 स्ट्रीट-11, आवास संख्या 134 निवासी रोहन कालिंदी के रूप में हुई है। वह बिशु कुमार का बेटा था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह टाइगर मोबाइल के जवान इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें कूलिंग पौंड में शव दिखने की सूचना दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। मृतक के मामा अशोक कालिंदी ने बताया कि रोहन परिवार में सबसे छोटा था। वह सिटी कॉलेज में ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा था। पिछले कुछ दिनों से वह काफी शांत रह रहा था। मामा ने बताया कि जब भी उसे कोई परेशानी होती थी, वह सेक्टर-4 स्थित उनके घर आता था। गुरुवार शाम से रोहन घर से लापता था। परिजनों ने उसकी बहुत तलाश की। रात में कूलिंग पौंड के पास उसकी टोपी और चप्पल रखी होने की जानकारी मिली थी। शुक्रवार सुबह पौंड में युवक का शव उपलाता दिखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शव मिलने की खबर पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव देखते ही उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सेक्टर-4 थाना के एसआई एम.ए. हक ने बताया कि पहली नजर में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *