![]()
लुधियाना में 20 वर्षीय युवक के अपहरण और फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने युवक को जबरन अगवा कर एक घर में ले गए। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और परिवार से उसकी रिहाई के बदले 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। आरोपियों ने पैसे नहीं देने पर युवक को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित युवक किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भागने में कामयाब रहा। बाहर निकलते ही उसने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टहलने के लिए घर से निकला था युवक गांव दाद निवासी शिकायतकर्ता रमन के मुताबिक, 20 वर्षीय युवक कुछ दिन पहले घर से टहलने के लिए निकला था। इसी दौरान सन्नी, गुन्नी, दाना, एरियन, गुग्गी और 3-4 अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर उसे अगवा कर लिया। आरोप है कि युवक को एक घर में ले जाया गया, जहां उसे अलमारी में बंद कर दिया। इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई। आरोपियों ने युवक के परिवार से 5 लाख रुपए की मांग की और धमकी दी कि रकम नहीं मिलने पर उसे जान से मार दिया जाएगा। मौका मिलते ही भाग निकला युवक ने पुलिस को बताया कि वह किसी तरह आरोपियों की नजर से बचकर उनके कब्जे से निकलने में सफल रहा। मौका मिलते ही वह वहां से भाग गया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सन्नी, गुन्नी, दाना, एरियन, गुग्गी समेत 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। आरोपी और शिकायतकर्ता पहले से जानते थे एक-दूसरे को जांच अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि शिकायतकर्ता और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे। पुलिस इस एंगल से भी पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में युवक को कथित तौर पर अगवा किया गया। जांच अधिकारी के मुताबिक, शिकायत में लगाए गए अपहरण, मारपीट, फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी समेत सभी आरोपों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों और सबूतों को भी जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
लुधियाना में युवक का अपहरण:बेरहमी से पीटा: 5 लाख रुपए फिरौती मांगी; मौका पाकर आरोपी के चंगुल से भागा
