राकेश पचौरी | मथुरा2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मथुरा में समाजवादी पार्टी की महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल ने शुक्रवार को करीब 4 बजे प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता से सिर्फ झूठे वादे किए गए हैं।
उन्होंने सवाल किया कि मथुरा में यमुना में गिर रहे नालों पर रोक कब लगेगी। साथ ही जलभराव, सीवर लाइन, यातायात जाम और अतिक्रमण की समस्या का समाधान कब होगा। युवाओं को रोजगार, किसानों की आय दोगुनी करने, महंगाई से राहत और शुद्ध पीने का पानी देने के दावे भी अब तक पूरे नहीं हुए हैं।
ऋतु गोयल ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साल 2012 से 2017 तक के कार्यकाल के काम गिनाए। उन्होंने बताया कि उस दौरान प्रदेश में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, मेट्रो, 1090 और 100 नंबर सेवा, लैपटॉप बांटे गए, समाजवादी पेंशन, गोमती रिवर फ्रंट, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और कामधेनु योजना जैसे जरूरी काम हुए थे।
उन्होंने मथुरा जिले में सपा सरकार के समय कराए गए विकास कार्यों का भी जिक्र किया। इनमें गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का सौंदर्यीकरण, गोवर्धन बाईपास, वृंदावन में मल्टी-स्टोरी पार्किंग, मांट में 400 केवी और छाता में 220 केवी बिजली घर और बरसाना रोपवे शामिल हैं।
महानगर अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में प्रदेश में विकास तेजी से हुआ था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सपा सरकार के कामों को बताने के लिए कहा। उन्होंने दावा किया कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को हटाकर समाजवादी पार्टी को सत्ता में लाएगी और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी।

