![]()
मनेन्द्रगढ़ में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बाद कोतवाली पुलिस ने तीन मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी का सामान बरामद किया। बरामद सामान की पहचान शिकायतकर्ताओं से कराई गई है। पुलिस के मुताबिक, मनेन्द्रगढ़ थाना क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने चार टीमें बनाईं। इन टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने तीन चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। पहले मामले में रेलवे कॉलोनी निवासी गुरुदत्ता के गैराज से कॉपर वायर चोरी हुआ था। इस मामले में पुलिस ने 22 साल के राकेश यादव को गिरफ्तार किया। दूसरा मामला वार्ड नंबर 9 पेंड्रा दफाई का है। यहां हुसैन के गोदाम से करीब दो क्विंटल लोहे की छड़ और कटर मशीन चोरी हुई थी। पुलिस ने 22 साल के अरमान अंसारी और मौहारपारा निवासी सुमित सिंह को गिरफ्तार किया। उनके पास से करीब दो क्विंटल लोहे की छड़ बरामद हुई। तीसरा मामला चनवारीडांड स्थित एचआर इंडस्ट्रीज परिसर से मोटर पंप चोरी का है। पुलिस ने गदबदी बैकुंठपुर निवासी सुभाष कुमार और खेड़िया तिराहा निवासी 19 साल के ऋषि कुमार को गिरफ्तार किया। उनके पास से करीब 14 हजार रुपये कीमत का मोटर पंप बरामद हुआ। पुलिस ने चोरी का सामान बरामद करने के बाद शिकायतकर्ताओं से उसकी पहचान कराई। इसके बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए रेलवे कॉलोनी की महिलाएं पिछले 6 दिनों से रात में पहरेदारी कर रही हैं। वे लाठी-डंडे लेकर अपनी कॉलोनी में घूमती हैं। महिलाओं का कहना है कि उनका यह अभियान जारी रहेगा। उनका कहना है कि अभी कुछ ही चोरियों का खुलासा हुआ है। जब तक चोरी के मास्टरमाइंड और नशे का कारोबार बंद नहीं होता, तब तक उनकी पहरेदारी जारी रहेगी।
Source link
मनेन्द्रगढ़ में चोरी की तीन वारदात, पांच आरोपी गिरफ्तार:चोरी का सामान बरामद, महिलाएं बोलीं- मास्टरमाइंड पकड़े जाने तक पहरेदारी जारी रहेगी
