![]()
कदमपुर से रोजितपुर तक जाने वाली अहम सड़क पिछले करीब दो साल से खराब हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। सड़क की खराब हालत को लेकर अब स्थानीय लोगों का गुस्सा बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जनआंदोलन शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कदमपुर-रोजितपुर मार्ग इलाके के लिए बहुत अहम है। इस सड़क से हर दिन बड़ी तादाद में विद्यार्थी, शिक्षक, मरीज, व्यवसायी और आम नागरिक आते-जाते हैं। मार्ग के आसपास कई स्कूल, कॉलेज और अस्पताल भी हैं। ऐसे में सड़क की खराब हालत का सीधा असर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा के आवागमन पर पड़ रहा है। बताया गया कि सड़क की मरम्मत को लेकर स्थानीय लोग पहले भी प्रदर्शन कर चुके हैं। उस समय लोगों को सड़क बनाने और मरम्मत का भरोसा दिलाया गया था। लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। इसी समस्या को लेकर अब आफताब आलम उर्फ चांद के नेतृत्व में जनआंदोलन चल रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं है। यह वर्षों से सड़क की समस्या झेल रही आम जनता की आवाज को प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाने का लोकतांत्रिक तरीका है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि कदमपुर-रोजितपुर सड़क की तुरंत मरम्मत कराई जाए। साथ ही सड़क के पक्की और अच्छी क्वालिटी वाली पुनर्निर्माण के लिए साफ समय-सीमा तय की जाए। निर्माण काम में क्वालिटी तय करने के लिए लगातार निगरानी की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है। आंदोलन में डॉ. नसीम उल हक, डॉ. साबिर करीम, नैयर खान, रेहान रज़ा और उमर मुर्शिद सहित कदमपुर और रोजितपुर इलाके के बड़ी तादाद में स्थानीय नागरिक शामिल हैं। लोगों का कहना है कि सड़क किसी भी इलाके के विकास की सबसे जरूरी चीज है। अच्छी सड़क से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार को तेजी मिलती है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि अब जनता केवल आश्वासन नहीं चाहती, बल्कि सड़क पर वास्तविक और स्थायी काम चाहती है। प्रशासन द्वारा जल्द कार्रवाई नहीं किए जाने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी भी दी गई है।
Source link
कदमपुर-रोजितपुर सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों मे किया प्रदर्शन:दो साल से जर्जर हालात में है रोड, टायर जलाकर रास्ता जाम किया
