![]()
लुधियाना नगर निगम में मेयर इंद्रजीत कौर और सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर के बीच चल रहा मतभेद एक बार फिर सामने आ गया। सोमवार को मेयर कैंप ऑफिस में हुई फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी की बैठक में दोनों के बीच तीखी बहस हुई। इसके बाद सीनियर डिप्टी मेयर राकेश प्रशार बैठक छोड़कर चले गए। मामला प्रशार के वार्ड से जुड़े चार विकास कार्यों को मंजूरी नहीं मिलने से शुरू हुआ। पराशर की सबसे ज्यादा चिंता जगराओं पुल के डाउन और अप रैंप की खस्ताहाल सड़क को लेकर थी। इस सड़क की हालत खराब होने के कारण रोजाना वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार, पिछली बैठक में इस काम को मंजूरी मिल चुकी थी, लेकिन अभी तक वर्क ऑर्डर जारी नहीं हुआ। इसी मुद्दे पर मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर के बीच गर्मागर्म बहस हो गई। साबुन बाजार और शाहपुर रोड के काम भी अटके पराशर के वार्ड से जुड़े अन्य विकास कार्यों में साबुन बाजार में सड़क निर्माण और मेन शाहपुर रोड से संबंधित काम शामिल थे। इन कार्यों को मंजूरी नहीं मिलने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई। बैठक में 30 प्रस्तावों पर सहमति देने के बाद प्रशार वहां से चले गए। इसके बाद उनकी गैरमौजूदगी में बैठक जारी रही और कुल 227 प्रस्तावों पर चर्चा की गई। हाईकमान तक पहुंचा मामला सूत्रों के मुताबिक, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर ने पूरे मामले को पार्टी के हाईकमान के समक्ष भी उठाया है। नगर निगम से जुड़े सूत्र इस ताजा विवाद को दोनों नेताओं के बीच पहले सामने आ चुके मतभेदों से जोड़कर देख रहे हैं। हाल ही में मेयर की गैरमौजूदगी में राकेश पराशर ने उनका चार्ज संभाला था। इस घटनाक्रम से मेयर इंद्रजीत कौर के नाराज होने की बात सामने आई थी। इसके बाद दोनों के बीच दूरी बढ़ने की चर्चा थी। सोमवार की बैठक में हुआ विवाद इसी खींचतान की एक और कड़ी माना जा रहा है। बैठक में मौके पर 40 प्रस्ताव रखे गए कमेटी के सदस्यों को पहले से 187 प्रस्तावों का एजेंडा भेजा गया था, जबकि बैठक के दौरान मौके पर 40 अन्य प्रस्ताव भी रखे गए। इनमें सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटिंग यूनिट (PIU) स्थापित करने के लिए एजेंसी हायर करने का प्रस्ताव भी शामिल था। कांग्रेस पार्षद और कमेटी सदस्य गौरव भट्टी ने भी कई प्रस्तावों पर आपत्ति जताई। उन्होंने एक साथ कई प्रस्तावों को बैठक में रखे जाने को लेकर सवाल उठाए। इसके बावजूद सीनियर डिप्टी मेयर के बैठक से जाने के बाद कमेटी की कार्रवाई आगे जारी रही।
Source link
लुधियाना के मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर में फिर तकरार:विकास कार्यों को मंजूरी न मिलने से नाराज पराशर, बैठक छोड़कर निकले
