![]()
सतना के जैतवारा थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर चाय की दुकान पर बैठे पांच युवकों पर लाठी-डंडे और रॉड से हमला कर दिया गया। फ्लॉवर डेकोरेशन का काम करने वाले युवक अग्रवाल वाटिका के पास बैठे थे। इसी दौरान अर्टिगा कार से करीब आधा दर्जन लोग पहुंचे और अचानक मारपीट शुरू कर दी। हमले में पांचों युवक घायल हो गए। मारपीट के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए मौके से भाग निकले। घायलों में अमित प्रजापति उर्फ भोले, अंकित डोहर, सतेंद्र डोहर, सत्यम चौधरी और रितिक धवन उर्फ बाबू शामिल हैं। रितिक के सिर और हाथ में चोट आई है, जबकि अन्य युवकों के सिर में चोट लगी है। स्थानीय लोगों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को रात में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बोले- 11 और 12 सितंबर को भी मारपीट हुई घायल रितिक उर्फ बाबू ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ फ्लॉवर डेकोरेशन का काम करता है। सोमवार शाम सभी अग्रवाल वाटिका के पास चाय की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान चूंद गांव के पहलाद सिंह, बच्चुल उर्फ लालेन्द्र सिंह, लिटिल सिंह उर्फ दारा, अनित सिंह, अंश सिंह समेत कुछ अन्य लोग पहुंचे और हमला कर दिया। रितिक का आरोप है कि 11 और 12 सितंबर को भी इन्हीं लोगों ने उसके और उसके कर्मचारियों के साथ मारपीट की थी। दोनों घटनाओं की शिकायत जैतवारा थाने में की गई थी। इसके बावजूद विवाद नहीं रुका। उसका कहना है कि चार दिन के भीतर सोमवार को तीसरी बार मारपीट की गई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की जैतवारा टीआई अजय सिंह परिहार ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपी चूंद गांव के रहने वाले हैं। मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश और लगातार हो रहे विवाद के कारणों की भी जांच कर रही है।
Source link
चाय दुकान पर बैठे पांच युवकों पर लाठी-रॉड से हमला:अर्टिगा से आए आधा दर्जन लोगों ने घेरकर पीटा, चार दिन में तीसरी बार मारपीट का आरोप
