![]()
कांगड़ा जिले के जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के डाडासीबा में भाजपा विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर की अगुवाई में सुक्खू सरकार के खिलाफ जन आक्रोश रैली निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर भाजपा के प्रदर्शन का विरोध किया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर नारेबाजी हुई, जिससे इलाके में सियासी माहौल गरमा गया। रैली को संबोधित करते हुए बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि पिछले चार सालों में जसवां-परागपुर में ऐसा प्रदर्शन नहीं हुआ था। बिक्रम ठाकुर ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर तंज कसा। कहा कि एक तरफ भाजपा की करीब एक हजार महिलाएं रैली में शामिल थीं, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की लगभग 15 महिलाएं विरोध के लिए खड़ी थीं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा नेताओं के कार्यक्रमों में पहले कभी इस तरह काले झंडे दिखाकर विरोध नहीं किया गया था। महिलाओं को मिलने चाहिए 69 हजार रुपए : बिक्रम इस प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा कांग्रेस सरकार की 1500 रुपए प्रतिमाह देने की गारंटी थी। बिक्रम ठाकुर ने इस गारंटी पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं को 1500 रुपए नहीं, बल्कि 69 हजार रुपए दिए जाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले यह वादा किया था, लेकिन अब इसे अलग-अलग शर्तों के साथ लागू करने की बात कही जा रही है। उन्होंने महिलाओं से गांव-गांव और पंचायतों में जाकर कांग्रेस की गारंटियों की सच्चाई बताने का आह्वान किया। बिक्रम ठाकुर ने दावा किया कि जनता कांग्रेस सरकार से निराश है और 2027 में भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। भाजपा विधायक ने पेंशन, सहारा योजना और हिमकेयर जैसी योजनाओं को लेकर भी कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने पूर्व भाजपा सरकार की कई योजनाओं को बंद कर दिया है। काले झंडों पर बिक्रम ठाकुर की चेतावनी काले झंडे दिखाए जाने पर बिक्रम ठाकुर ने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा नेताओं के कार्यक्रमों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कभी इस तरह का विरोध नहीं किया। उन्होंने कहा कि अगर काले झंडे दिखाने की परंपरा आगे बढ़ती है तो भाजपा कार्यकर्ता भी इसका जवाब देने से पीछे नहीं हटेंगे। रोजगार और तबादलों को लेकर भी लगाए आरोप बिक्रम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर युवाओं को रोजगार के नाम पर ठगने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक साल में एक लाख और पांच साल में पांच लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन युवाओं को इसका लाभ नहीं मिला। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के तबादलों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए और दावा किया कि तबादलों के लिए पैसे लिए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने कोई दस्तावेज या प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया। उन्होंने डाडासीबा क्षेत्र में पूर्व भाजपा सरकार के समय किए गए विकास कार्यों का भी जिक्र किया और कहा कि क्षेत्र के लोगों को अब घोषणाओं के बजाय धरातल पर काम चाहिए। कांग्रेस नेता नीलम कुमारी ने भाजपा पर किया पलटवार वहीं, भाजपा की रैली के दौरान काले झंडे दिखाने वाली जिला परिषद सदस्य एवं कांग्रेस नेता नीलम कुमारी ने बिक्रम ठाकुर के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को कांग्रेस सरकार की 1500 रुपए की सम्मान निधि पर सवाल उठाने से पहले केंद्र की मोदी सरकार के पुराने वादों का हिसाब जनता को देना चाहिए। नीलम कुमारी ने 15 लाख रुपए खाते में आने और दो करोड़ रोजगार प्रतिवर्ष देने के वादे का जिक्र करते हुए कहा कि इन वादों का क्या हुआ, भाजपा पहले इसका जवाब दे। उन्होंने विदेशों में जमा धन वापस लाने और क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय खोलने के वादे को लेकर भी भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “1500 रुपए की तो बात छोड़िए”, पहले भाजपा अपने पुराने वादों का हिसाब दे। 2 अक्टूबर से महिलाओं को सम्मान निधि मिलेगी नीलम कुमारी ने दावा किया कि 1500 रुपए की सम्मान निधि को लेकर सरकार ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है और 2 अक्टूबर से महिलाओं के खातों में सम्मान निधि दिए जाने की बात कही गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार ने इस संबंध में घोषणा की है तो भाजपा द्वारा इसके खिलाफ जन आक्रोश रैली क्यों निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की महिलाओं ने इसी मुद्दे पर भाजपा के प्रदर्शन के दौरान काले झंडे दिखाकर अपना विरोध दर्ज करवाया है। डाडासीबा में आमने-सामने भाजपा और कांग्रेस डाडासीबा में हुए इस घटनाक्रम से साफ है कि जसवां-परागपुर में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। एक तरफ भाजपा सरकार की गारंटियों और स्थानीय विकास के मुद्दे पर कांग्रेस को घेर रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भाजपा से केंद्र सरकार के पुराने वादों का हिसाब मांग रही है। रैली और विरोध प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से डाडासीबा में काफी देर तक राजनीतिक माहौल गरमाया रहा।
Source link
कांगड़ा में भाजपा ने निकाली जन आक्रोश रैली:कांग्रेस से जुड़ी महिलाओं ने दिखाए काले झंडे, डाडासीबा में एक- दूसरे पर साधा निशाना
