Headlines

हिमाचल में अब तक 70.80 लाख पेटी कम सेब उत्पादन:सीजन खत्म हो रहा, अभी एक करोड़ बॉक्स भी मार्केट नहीं पहुंचा; कुदरत की मार




हिमाचल में इस बार सेब उत्पादन पर कुदरत की मार पड़ी है। सेब सीजन अब खत्म होने जा रहा है, लेकिन 13 सितंबर तक राज्य की मंडियों में एक करोड़ पेटी सेब भी नहीं पहुंच पाया। बागवानी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 13 सितंबर तक सिर्फ 91 लाख 20 हजार पेटी सेब मार्केट में पहुंचा है। पिछले साल इसी तारीख तक 1 करोड़ 62 लाख पेटी सेब मंडियों में बिक चुका था। यानी इस बार अब तक 70 लाख 80 हजार पेटी कम मार्केट में पहुंची है। आंकड़ों के हिसाब से यह पिछले साल की तुलना में करीब 44% कम मंडी आवक है। कम और मध्यम ऊंचाई वाले बागों पर ज्यादा असर इस बार उत्पादन में गिरावट का सबसे ज्यादा असर कम और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों के बागवानों पर पड़ा है। सर्दियों में अच्छी बर्फबारी नहीं होने, मार्च-अप्रैल में फ्लावरिंग के वक्त बारिश व बर्फबारी, फ्रूट सेटिंग के वक्त ठंड और ओलावृष्टि से सेब उत्पादन गिरा है। वहीं, अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फसल की स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर बताई जा रही है। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अभी सेब तुड़ान जारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में मंडियों में और सेब पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, मौजूदा आवक को देखते हुए इस सीजन का कुल उत्पादन पिछले साल के मुकाबले काफी कम रहने की संभावना है। इस बार 15 साल में रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच सकता है उत्पादन? हिमाचल में इस बार सेब उत्पादन आज तक के सबसे कम उत्पादन में सिमट सकता है। राज्य में 2011 में करीब 1.38 करोड़ पेटी उत्पादन हुआ था, जो पिछले 15 साल में सबसे कम उत्पादन वाले वर्षों में रहा। वहीं 2010 में आज तक सबसे बंपर फसल यानी 5.11 करोड़ पेटी सेब हुआ था। 2025 में 3.51 करोड़ पेटी, इस बार तस्वीर बिल्कुल अलग पिछले साल हिमाचल में करीब 3.51 करोड़ पेटी सेब का उत्पादन हुआ था। इस लिहाज से 2025 का सीजन बागवानों के लिए उत्पादन के मामले में बेहतर रहा था। इसके मुकाबले इस साल अब तक की मंडी आवक काफी कम है। हालांकि, सिर्फ 13 सितंबर तक की मंडी आवक के आधार पर पूरे सीजन के अंतिम उत्पादन का आंकड़ा तय नहीं किया जा सकता, क्योंकि ऊंचाई वाले इलाकों में अभी भी तुड़ान जारी है। कम फसल के बीच अच्छे दाम से कुछ राहत उत्पादन कम होने से बागवानों को नुकसान हुआ है, लेकिन बाजार में अच्छे दाम मिलने से नुकसान की कुछ भरपाई भी हो रही है। सीजन की शुरुआत में उम्दा क्वालिटी का सेब कुछ बागवानों को 5,000 से 5,500 रुपए प्रति पेटी तक बिका। अभी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तुड़ान चल रही है और अच्छी क्वालिटी के सेब को करीब 1,800 से 2,800 रुपए प्रति पेटी तक भाव मिल रहा है। बागवान बोले- फसल कम, लेकिन रेट से कुछ भरपाई ठियोग के बागवान महेंद्र वर्मा के अनुसार, इस बार फसल काफी कम है। औसत भाव करीब 1,800 से 2,800 रुपए प्रति पेटी मिल रहा है। कम उत्पादन से नुकसान जरूर हुआ है, लेकिन बेहतर दाम मिलने से इसकी कुछ भरपाई हो रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *