Headlines

दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू की बारहवीं कल:50 हजार निमंत्रण कार्ड बांटे गए, 4 पंडाल बन कर तैयार, धनबाद से पहुंची कैटरिंग टीम




गिरिडीह में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 17 सितंबर को उत्सव उपवन स्थित उनके आवासीय परिसर में होने वाले श्राद्धकर्म में करीब 20 से 25 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर पूरे राज्य में करीब 50 हजार निमंत्रण कार्ड बांटे गए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। चार पंडालों में हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था उत्सव उपवन परिसर में चार बड़े पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। इनमें एक साथ करीब पांच से छह हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा दो अलग-अलग श्रद्धांजलि सभा स्थल भी बनाए जा रहे हैं। आगंतुकों के भोजन की जिम्मेदारी धनबाद से आने वाली कैटरिंग टीम को दी गई है। मुख्य द्वार से कार्यक्रम स्थल तक जगह-जगह पेयजल स्टॉल लगाए जा रहे हैं। जिस स्थान पर सुदिव्य कुमार सोनू आम लोगों से मुलाकात किया करते थे, वहां भी उनकी बड़ी तस्वीर लगाई गई है। सीएम, गवर्नर सहित कई गणमान्य होंगे शामिल द्वादशा कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष, राज्य सरकार के मंत्री तथा झामुमो, कांग्रेस, राजद समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों और विधायकों के शामिल होने की संभावना है। वीआईपी और आम लोगों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. विमल कुमार कार्यक्रम स्थल का लगातार जायजा लेकर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। शहर में जगह-जगह लगे ‘अंतिम जोहार’ के कटआउट सुदिव्य कुमार सोनू को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए गिरिडीह शहर से लेकर डुमरी रोड, देवघर मार्ग, धनबाद मार्ग और जमुआ मार्ग तक जगह-जगह ‘अंतिम जोहार’ लिखे बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए हैं। इन कटआउट के माध्यम से लोगों की ओर से दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर भी सुदिव्य सोनू की बड़ी तस्वीर लगाई गई है। पूरे उत्सव उपवन परिसर को व्यवस्थित किया जा रहा है और आगंतुकों की सुविधा के लिए अलग-अलग स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और आयोजन से जुड़े लोग व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *