![]()
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि उनकी सरकार की प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ पंजाब और यहां के लोग हैं, जबकि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल सत्ता की लालसा में आपस में उलझे हुए हैं। आनंदपुर साहिब के गांव जिंदवड़ी में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार के प्रयासों से राज्य में नहरी पानी की पहुंच 22% से बढ़कर अब 80% तक पहुंच गई है, जिसे जल्द ही 100% तक पहुँचाया जाएगा। पानी और चंडीगढ़ की रक्षा के लिए सतर्क रहें मुख्यमंत्री मान ने जनता से आह्वान किया कि वे पंजाब के पानी, चंडीगढ़ और पंजाब विश्वविद्यालय के हितों की रक्षा के लिए भाजपा और अकाली दल से दूरी बनाकर रखें। उन्होंने अकाली दल और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये अवसरवादी दल हैं, जिन्हें राज्य की तरक्की से कोई सरोकार नहीं है। सुखबीर बादल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग बुनियादी भौगोलिक और कृषि संबंधी ज्ञान नहीं रखते, वे पंजाब पर राज करने के ख्वाब देख रहे हैं। विकास और जनकल्याण पर जोर कार्यक्रम के दौरान सीएम मान ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य में 14,000 किलोमीटर लंबी नहरी पाइपलाइन का नेटवर्क बिछाया गया है। इसके अलावा 90% से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली, युवाओं को पूरी तरह मेरिट के आधार पर 70,000 से अधिक सरकारी नौकरियां और शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए गांवों में 3,100 खेल स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं और सड़कों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 45,000 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत का काम चल रहा है। महिलाओं के लिए बड़ी सौगात स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिल रहा है, जो देश में अपने आप में अनूठी पहल है। साथ ही, ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं के खातों में वित्तीय सहायता पहुंच रही है, जिससे राज्य की महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिल रही है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस और सांसद मालविंदर सिंह कंग समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Source link
पंजाब के 80% खेतों तक पहुंचा नहरी पानी- मान:पारंपरिक पार्टियों पर साधा निशाना, बोले- कुर्सी के लिए लड़ रहे हैं विरोधी दल
