![]()
बिलासपुर पुलिस ने त्योहारों के दौरान शहर और जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पिछले दो हफ्तों में 813 लोगों पर कार्रवाई की है। यह कार्रवाई 1 से 14 सितंबर के बीच की गई। इस दौरान धारदार या अवैध हथियार लेकर घूमने वाले 73 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं 131 लोगों के खिलाफ धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान 83 स्थायी वारंट और 109 गिरफ्तारी वारंट भी तामील किए गए। इसके अलावा 73 निगरानी गुंडा-बदमाशों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई। चाकूबाजी और नशे पर भी नजर पुलिस ने बताया कि जिले में चाकूबाजी, नशे और उपद्रव जैसी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। सार्वजनिक जगहों पर स्टंट करने वाले 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया। मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन करने पर 30 लोगों के खिलाफ धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। आबकारी एक्ट के तहत 7 लोगों पर कार्रवाई हुई, जबकि NDPS एक्ट के तहत एक व्यक्ति को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में BNSS की संबंधित धाराओं के तहत भी कार्रवाई की है। त्योहारों को लेकर पुलिस ने बढ़ाई निगरानी गणेश उत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों, निगरानी बदमाशों, चाकूबाजों और असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। संवेदनशील इलाकों में चेकिंग और पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और सभी आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से हों, इसके लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। त्योहार की आड़ में हथियार लेकर घूमने वालों पर पुलिस की नजर बिलासपुर पुलिस ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान हथियार लेकर घूमने, चाकूबाजी, नशे का कारोबार, स्टंटबाजी या सार्वजनिक जगहों पर हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ऐसे लोगों पर नजर रख रही है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी। संदिग्ध गतिविधि दिखे तो पुलिस को बताएं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों और दूसरे आयोजनों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने में पुलिस का सहयोग करें। अगर कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि, हथियार का प्रदर्शन, नशे की बिक्री या शांति भंग करने की कोशिश दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Source link
बिलासपुर पुलिस की 14 दिन में 813 लोगों पर कार्रवाई:त्योहारों में शांति और सुरक्षा के लिए अभियान, उपद्रवियों पर पुलिस की सख्त नजर
