![]()
हांसी में बुधवार की आधी रात के बाद तेज आंधी और बारिश हुई। कुछ ही देर की बारिश से शहर के कई मुख्य रास्तों और इलाकों में पानी भर गया। आंधी के कारण हांसी-जींद मार्ग पर पेड़ गिर गए, जिससे रास्ता बंद हो गया। पुलिस ने जेसीबी से पेड़ हटवाकर रास्ता खुलवाया। तेज आंधी-बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों की बिजली गुल हो गई। देर रात तक बिजली विभाग के कर्मचारी फाल्ट ढूंढने और बिजली सप्लाई ठीक करने में लगे रहे। बिजली कटने से लोगों को रात में काफी परेशानी हुई। बस स्टैंड पर भरा घुटनों तक पानी बारिश का सबसे ज्यादा असर हांसी बस स्टैंड पर दिखा। बस स्टैंड परिसर में घुटनों तक पानी भर गया। यात्रियों को पानी के बीच से होकर बसों तक पहुंचना पड़ा। बस स्टैंड के बाहर सड़क पर सवारियों और गाड़ियों की भीड़ बढ़ने से जाम लग गया। यात्रियों को पानी में खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ा। शहर के कई और इलाकों में भी पानी भर गया। इनमें भाई जी होटल के पास, रेस्ट हाउस इलाका, डीसी आवास रोड, अंबेडकर चौक, श्याम बाबा मंदिर और शांति निकेतन शामिल हैं। सड़कों पर पानी भरने से गाड़ी चलाने वालों और पैदल चलने वालों को आने-जाने में दिक्कत हुई। कई जगहों पर लोगों को सड़क पर जमा पानी के बीच से निकलना पड़ा।
Source link
हांसी में तेज आंधी से टूटकर गिरे पेड़:जींद रोड हुआ बंद, बारिश से बस स्टैंड, मुख्य सड़कों पर जलभराव, लोग परेशान
