![]()
पलवल के चांदहट थाना क्षेत्र के बड़ौली गांव में पुराने मुकदमे में राजीनामे का दबाव बनाने के लिए एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। थार गाड़ी में सवार होकर आए चार युवकों ने रास्ता रोककर पहले केस वापस लेने की धमकी दी। जब युवक ने विरोध किया तो पिस्तौल से गोली चला दी, जो उसके पैर में जा लगी। चांदहट थाना प्रभारी श्रीभगवान के अनुसार, बड़ौली गांव निवासी महेंद्र सिंह ने शिकायत में बताया है कि वर्ष 2020 का एक पुराना मुकदमा चांदहट थाने में दर्ज है। इसमें गांव के ही पुष्पेंद्र और रक्के आरोपी हैं। आरोपी पक्ष काफी समय से उनके परिवार पर केस में समझौता करने का दबाव बना रहा था और जान से मारने की धमकी दे रहा था। दवाई लेने जा रहा था युवक महेंद्र सिंह का बड़ा बेटा विनीत बैंसला बाइक पर दवाई लेने गांव के मेडिकल स्टोर जा रहा था। रास्ते में गर्ल्स स्कूल के सामने राजेश, रवि, रक्के और पुष्पेंद्र अपनी थार गाड़ी में खड़े थे। उन्होंने विनीत को रोक लिया और पुराने केस में राजीनामा करने को कहा। जब विनीत ने कहा कि मामला कोर्ट में है और कोर्ट ही फैसला करेगा, तो आरोपी बहस करने लगे। आरोप है कि रक्के के उकसाने पर राजेश ने अपनी कमर से पिस्तौल निकाली और विनीत पर सीधी गोली चला दी। विनीत के एक तरफ हटने से पहली गोली दीवार पर लगी। गोली लगते ही सड़क पर गिरा युवक इसके बाद अन्य साथियों के कहने पर राजेश ने दोबारा गोली चला दी। गोली विनीत के सीधे पैर (घुटने के पास) में लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल थार गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है। चीख-पुकार सुनकर स्कूल के पास मौजूद विनीत का चचेरा भाई श्यामवीर मौके पर पहुंचा और शोर मचाया। पकड़े जाने के डर से आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए थार गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। परिजन घायल विनीत को तुरंत सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उपचार चल रहा है। चांदहट थाना पुलिस ने मामले में घायल युवक के पिता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल थार गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। पुलिस फरार चल रहे चारों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Source link
पलवल में दवाई लेने जा रहे युवक को मारी गोली:मुकदमे में राजीनामा करने का बनाया दबाव, रास्ता रोककर की फायरिंग
