![]()
तरनतारन में अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे-54 पर स्थित बंडाला कस्बे के पास बूत्ता वाले मोड़ पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। पंजाब रोडवेज की एक अनियंत्रित बस सड़क किनारे खड़े रेत से लदे ट्रक से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोगा डिपो की पंजाब रोडवेज बस (नंबर: PB-04-AE-0995) अमृतसर से सवारियां लेकर मोगा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस तरनतारन बाईपास पर बूत्ता मोड़ के समीप पहुंची, अचानक सड़क पर पहले से खड़े रेत से भरे ट्रक (नंबर: PB-03-BG-9307) से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के कंडक्टर साइड का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। टक्कर के कारण एक महिला यात्री की टांग बस की बॉडी में बुरी तरह फंस गई थी, जिसे काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से लोहे की रॉड से काटकर बाहर निकाला गया।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, जांच जारी हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। राहत व बचाव कार्य चलाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के असली कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link
तरनतारन में बस-ट्रक टक्कर, मासूम बच्ची की मौत, 8 घायल,:जोरदार टक्कर से बस के उड़े परखच्चे, लोहे की रॉड से निकाली गई फंसी महिला
