Headlines

पुराने विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या:सुकमा के लेंदा गांव में हुई घटना, पांच आरोपी गिरफ्तार




सुकमा जिले के तोंगपाल थाना क्षेत्र के लेंदा गांव में पुराने विवाद को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच हुई। मृतक की पहचान मुन्ना उर्फ आकाश के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कुछ ही समय में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, पुराने विवाद के चलते आरोपियों ने युवक को पकड़ा और उसके साथ मारपीट की। गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही तोंगपाल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए। पांच आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने मामले में तुला राम मरकाम (56), मड़काम सन्नू उर्फ इंडिया (55), शिव राम मरकाम (22), लखमा मड़कम (62) और सुशीला मरकाम (21) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी लेंदा गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 191(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस घटना के पीछे की वजह और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की के निर्देश पर तोंगपाल पुलिस ने की है। मामले की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *